राज्यपाल डेका ने 60 टी.बी. मरीजों के लिए पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने 2 लाख 25 हजार रूपए की राशि प्रदान की

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 27 Feb 2025 02:07 PM
राज्यपाल डेका ने 60 टी.बी. मरीजों के लिए पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने 2 लाख 25 हजार रूपए की राशि प्रदान की
ऑडियो सुनें

रायपुर: राज्यपाल रमेन डेका ने राज्य के धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद और बस्तर जिलों के 60 टी.बी. मरीजों के लिए निःक्षय मित्र बनकर उनको पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने हेतु 2 लाख 25 हजार रूपए की राशि प्रदान की है। डेका ने आज उक्त राशि संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने कहा कि भारत सरकार की फ्लैगशीप योजना प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त भारत अभियान के तहत देश एवं प्रदेश को वर्ष 2025 तक टी.बी मुक्त करने का लक्ष्य है।

इसके लिए जो राशि दी जा रही है उससे टी.बी मरीजों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। डेका ने टी.बी मरीजों के लिए हरसंभव मदद की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि राज्य को टी.बी. मुक्त बनाने के लिए समुदाय को भी जोड़ने का प्रयास करे। डेका ने कहा कि राजभवन आमजनता के साथ जुड़े यह हमारी प्राथमिकता है। जनता के हित के लिए अच्छा कार्य करने वाली संस्थाओं की जानकारी लेकर उन्हें स्वेच्छानुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर प्रसन्ना ने डेका को प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त भारत अभियान के तहत भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रदत्त निःक्षय मित्र पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव हिना अनिमेष नेताम, राजभवन के अन्य अधिकारी तथा संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधी उपस्थित थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital