सरपंच की हत्या के 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री को मुंडे से इस्तीफा मांग लेना चाहिए था : संजय राउत

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 04 Mar 2025 03:29 PM
सरपंच की हत्या के 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री को मुंडे से इस्तीफा मांग लेना चाहिए था : संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई: शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के 24 घंटे के भीतर ही धनंजय मुंडे से इस्तीफा मांग लेना चाहिए था।

उन्होंने मुंडे के इस्तीफे में देरी के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। राउत ने पत्रकारों से कहा कि सरपंच संतोष देशमुख के साथ हुई बर्बरता की तस्वीरें सामने आने के बाद बढ़ते दबाव और जन-आक्रोश भड़कने के कारण राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता मुंडे ने मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दिया।

उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो को परेशान करने वाला बताया और दावा किया कि फडणवीस एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार दोनों ने वीडियो को सार्वजनिक होने से पहले देखा था। बीड के मसाजोग गांव के सरपंच देशमुख को पिछले साल नौ दिसंबर को कथित तौर पर जिले में एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली के प्रयास को रोकने की कोशिश करने पर अगवा कर लिया गया और प्रताड़ित किया गया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।

देशमुख की हत्या और संबंधित दो मामले में अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) द्वारा दाखिल आरोपपत्र में मुंडे के करीबी वाल्मिक कराड को आरोपी नंबर एक नामित किया गया है। मुंडे को मंत्रिमंडल से हटाने की विपक्ष की जोरदार मांग के बाद यह इस्तीफा सामने आया है।

इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार देर रात को उपमुख्यमंत्री और राकांपा प्रमुख अजित पवार, मुंडे सहित वरिष्ठ राकांपा नेताओं के साथ बैठक की। मसाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या से संबंधित भयावह तस्वीरें और अदालती आरोपपत्र के विवरण सामने आने के बाद विपक्ष ने मुंडे के इस्तीफे की मांग तेज कर दी। इन तस्वीरों और अदालती आरोपपत्र में हत्या से पहले की गई क्रूरता का खुलासा हुआ है।

राउत ने दावा किया, ‘‘सरकार के नैतिकता नाम की कोई चीज नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘फडणवीस को (दिसंबर में देशमुख की हत्या के बाद) 24 घंटे के भीतर मुंडे का इस्तीफा मांग लेना चाहिए था। प्रथम दृष्टया सबूत मौजूद हैं। अगर उन्होंने नैतिकता के आधार पर मुंडे का इस्तीफा मांगा होता, तो हम दृढ़ता से कह सकते थे कि उन्होंने न्याय किया है।’’

राज्यसभा सदस्य ने मांग की कि फडणवीस दागी और भ्रष्ट मंत्रियों को हटाएं। राउत ने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें (मुंडे) बचाया जाएगा और वाल्मिक कराड को भी बचाया जाएगा। वाल्मिक कराड को धनंजय मुंडे बचाएंगे और उन्हें सरकार में उनके आका बचाएंगे।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital