जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठनों को निशाना बनाकर घाटी में कई जगह पुलिस की छापेमारी

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 26 Mar 2025 03:04 PM
जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठनों को निशाना बनाकर घाटी में कई जगह पुलिस की छापेमारी
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों की जांच के तहत हुर्रियत के पूर्व प्रमुख अब्दुल गनी भट के आवासों समेत कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

श्रीनगर, बारामूला और अनंतनाग समेत कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर दो दिन छापे मारे गए। पुलिस ने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर मुस्लिम कॉन्फ्रेंस (भट ग्रुप), जम्मू-कश्मीर मुस्लिम लीग (मसरत आलम ग्रुप) और जम्मू-कश्मीर डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी (शब्बीर शाह ग्रुप) शामिल हैं।

अधिकारियों ने कहा कि भट के दो आवासों पर छापे मारे गए, जिनमें से एक बारामूला में और दूसरा श्रीनगर के वजीर बाग में स्थित है। भट जम्मू-कश्मीर मुस्लिम कॉन्फ्रेंस (भट ग्रुप) का प्रमुख है, जो हुर्रियत कॉन्फ्रेंस का एक घटक है।

उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी के प्रमुख शब्बीर अहमद शाह के आवास पर भी छापा मारा गया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, जिन अन्य नेताओं के ठिकानों पर छापे मारे गए उनमें तहरीक-ए-हुर्रियत प्रमुख मसरत आलम भट, गुलाम नबी सुंबजी, मुश्ताक अहमद भट (उर्फ गुग्गा), गुलाम नबी वागय, फिरोज अहमद खान और मोहम्मद नजीर खान, हकीम अब्दुल राशिद और जावेद अहमद मुंशी (उर्फ बिलपापा) शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इन प्रतिबंधित संगठनों के संदिग्ध सदस्यों के संबंध में और विभिन्न मामलों में की जांच के तहत छापेमारी की गई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital