राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, शाह सहित कई नेताओं ने ओडिशा के लोगों को ओड़िया नववर्ष की बधाई दी

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 14 Apr 2025 02:54 PM
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, शाह सहित कई नेताओं ने ओडिशा के लोगों को ओड़िया नववर्ष की बधाई दी
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कई नेताओं ने सोमवार को ओड़िया नववर्ष के मौके पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। इस दिन को राज्य में पणा संक्रांति के रूप में भी मनाया जाता है।

ओडिशा से ही ताल्लुक रखने वाली राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘ओड़िया नववर्ष, पणा संक्रांति के अवसर पर मैं ओडिशा के लोगों और विदेशों में रहने वाले हमारे ओड़िया भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। पणा संक्रांति हमारे समाज में प्रेम और शांति का संदेश लेकर आती है। यह खुशी का पर्व हमें अपने देश के लिए सर्मिपत होकर काम करने के लिए भी प्रेरित करता है। इस अवसर पर, मैं सभी के सुख और समृद्धि की कामना करती हूं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी लोगों को बधाई दीं और कहा, ‘‘ओड़िया नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं।’’ प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में ओडिया लोगों द्वारा तुलसी के पौधे की पूजा को दर्शाते हुए एक ‘स्टिकर’ भी साझा किया और कहा, ‘‘पणा संक्रांति की शुभकामनाएं। आने वाला साल आपके सभी सपनों को पूरा करे और चारों ओर खुशियां, सद्भाव और समृद्धि बनी रहे।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महा बिशुबा पणा संक्रांति के अवसर पर ओडिशा के मेरे बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं। ओड़िया नववर्ष के आगमन पर, महाप्रभु सभी पर खुशी, कल्याण और समृद्धि का आशीर्वाद बरसाएं।’’

राज्यपाल के आधिकारिक ‘एक्स’ खाते से किए गए पोस्ट में कहा गया, ‘‘माननीय राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने ओड़िया नववर्ष और महा बिशुबा संक्रांति के अवसर पर सभी को बधाई दी, भगवान जगन्नाथ से सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और प्रार्थना की।’’

लोगों को पणा संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, ‘‘आज ओड़िया नववर्ष और बिशुबा संक्रांति है। मैं सभी ओड़िया लोगों को शुभकामनाएं देता हूं। हम ओडिशा के लिए गर्व के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और पूरे समर्पण के साथ अपने प्रयास जारी रखेंगे।’’

ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘महा बिशुबा संक्रांति के अवसर पर ओडिशा के लोगों को शुभकामनाएं। बंदे उत्कल जननी।’’ विभिन्न दलों के नेताओं ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital