हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले का दौरा करेंगे, प्रभावितों से मिलेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Apr 2025 09:59 PM
हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले का दौरा करेंगे, प्रभावितों से मिलेंगे
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अनुरोध को दरकिनार करते हुए शुक्रवार को हिंसा प्रभावित मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों का दो दिवसीय दौरा करेंगे. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा कुछ दिन के लिए टालने का अनुरोध किया था. बोस ने राजभवन में संवाददाताओं से कहा कि ” स्वयं जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए”वह कुछ क्षेत्रों का दौरा करेंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे.

राज्यपाल के हिंसा पीड़ितों से मिलने, जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा जिला अधिकारियों और पुलिस र्किमयों के साथ चर्चा करने की उम्मीद है. राजभवन के अधिकारियों के मुताबिक बोस बृहस्पतिवार शाम को हिंसा प्रभावित इलाकों के लिए रवाना होने वाले थे लेकिन अब वह शुक्रवार सुबह मालदा के लिए रवाना होंगे.

राजभवन के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया, ”राज्यपाल कल सुबह मालदा के लिए रवाना होंगे और उन शिविरों का दौरा करेंगे जहां मुर्शिदाबाद से आए शरणार्थी रह रहे हैं. इसके बाद वह मुर्शिदाबाद के दंगा प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना होंगे और शुक्रवार रात या शनिवार सुबह वापस लौटेंगे.” बनर्जी द्वारा अभी वहां नहीं जाने के अनुरोध के बारे में पूछे जाने पर बोस ने कहा कि मुख्यमंत्री के अनुरोध को पूरी गंभीरता से लिया जाएगा, लेकिन मुर्शिदाबाद के पीड़ितों, विशेषकर महिलाओं से मिलने के बाद वह स्वयं जमीनी स्थिति का आकलन करने जा रहे हैं.

राज्यपाल ने कहा, ”यदि शांति बहाल हो जाती है, तो मुझे बहुत खुशी होगी. एक बार जब मुझे एहसास हो जाएगा कि शांति बहाल हो गई है, तो मैं सबसे खुश व्यक्ति होऊंगा और उसी के अनुसार अपनी रिपोर्ट तैयार करूंगा.” बोस ने संकेत दिया कि वह केंद्र को स्थिति के बारे में अद्यतन जानकारी देते हुए एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे. राज्यपाल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उनसे मुलाकात कर अनुरोध किया है कि वहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की शिविर स्थापित किया जाए. उन्होंने कहा, ”इस मामले की सभी पहलुओं पर उच्चतम स्तर पर जांच की जानी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu