तीसरी बार शपथ लेने के पांच महीने बाद मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास में गए फडणवीस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 07:49 PM
तीसरी बार शपथ लेने के पांच महीने बाद मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास में गए फडणवीस
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लगभग पांच महीने बाद देवेंद्र फडणवीस बुधवार को दक्षिण मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में गृह प्रवेश किया. लगभग साढ़े पांच साल के अंतराल के बाद फडणवीस उसी स्थान पर फिर से निवास करेंगे, जो 2014 से 2019 तक मुख्यमंत्री के रूप में उनके पहले कार्यकाल के दौरान उनका आशियाना रहा.

उन्होंने नवंबर 2019 में मुख्यमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल के केवल 80 घंटे के बाद बंगला खाली कर दिया था. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार के दौरान बतौर नेता विपक्ष फडणवीस ‘सागर’ में ‘शिफ्ट’ हुए. उपमुख्यमंत्री के रूप में भी वह यही रहे. फडणवीस ने पांच दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके बाद से वह अब तक ‘सागर’ में ही ठहरे हुए थे.

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में फडणवीस की पत्नी अमृता ने बुधवार को बताया कि अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर एक छोटी सी पूजा की गई, जिसके बाद वर्षा में गृह प्रवेश किया गया. फरवरी में शिवसेना उबाठा नेता संजय राउत ने दावा किया था कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कामाख्या मंदिर यात्रा के दौरान गुवाहाटी में बलि दिए गए भैंसों के सींगों को ‘वर्षा’ के परिसर में दफना दिया गया था, ताकि मुख्यमंत्री का पद एकनाथ शिंदे के अलावा किसी और को न मिले.

राउत के दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने उस समय कहा था, ”एकनाथ शिंदे के ‘वर्षा’ बंगला खाली करने के बाद मैं वहीं चला जाऊंगा. कुछ छोटी-मोटी मरम्मत भी की जा रही है. इस बीच, कक्षा 10 में पढ़ने वाली मेरी बेटी ने अनुरोध किया कि हम उसकी परीक्षाओं के बाद ही वहां जाएं. यही कारण है कि मैं अभी तक वहां नहीं गया हूं.” फडणवीस की बेटी दिविजा ने बुधवार को घोषित हुए 10 वीं कक्षा के परीक्षाफल में 92.60 प्रतिशत अंक हासिल किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu