हाथरस पुलिस ने बच्चे को बचाया, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 15 May 2025 04:04 PM
हाथरस पुलिस ने बच्चे को बचाया, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया
ऑडियो सुनें

हाथरस: हाथरस जिले से चार साल के बच्चे के अपहरण के एक हफ्ते बाद, पुलिस ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उसे आंध्र प्रदेश के विजयाड़ा से मुक्त कराया गया है तथा इस सिलसिले में दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा, ‘‘कविश (4) नौ मई को अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। शिकायत के बाद हमने टीम बनाईं, जिन्होंने कई सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की, संदिग्धों को खोजने से पहले कई राज्यों में उनका पता लगाया।’’

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान हाथरस के मोनू पाठक और उसकी पत्नी नेहा पाठक तथा आंध्र प्रदेश के मड्डी पटला राघवेंद्र और उसकी पत्नी सुब्बा लक्ष्मी के रूप में हुई। उनके पास से तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।

सिन्हा ने कहा, ‘‘यह सिर्फ अपहरण का मामला नहीं है, बल्कि मानव तस्करी का भी मामला है।’’ उन्होंने कहा कि एक दर्जन से अधिक सदस्यों वाला यह गिरोह बच्चों को बेचने के लिए उनका अपहरण कर लेता था। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह ने विभिन्न राज्यों से कम से कम आठ बच्चों की तस्करी की है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital