मुंबई में सलमान खान के अपार्टमेंट में अवैध तरीके से घुसने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 09:56 PM
मुंबई में सलमान खान के अपार्टमेंट में अवैध तरीके से घुसने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. पुलिस ने पिछले दो दिन में मुंबई के बांद्रा इलाके में अभिनेता सलमान खान के अपार्टमेंट में अनधिकृत तरीके से घुसने के आरोप में एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. बांद्रा थाने के अधिकारी ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को हुईं घटनाओं के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं.

अधिकारी ने बताया कि जितेंद्र कुमार सिंह (23) नामक एक व्यक्ति मंगलवार को कथित तौर पर बांद्रा (पश्चिम) में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुस गया, जहां खान रहते हैं. सिंह को सुबह खान के घर के आसपास घूमते देखा गया था. अभिनेता की सुरक्षा के लिए वहां तैनात एक पुलिसकर्मी ने उसे वहां से जाने को कहा. अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रहने वाले सिंह ने गुस्से में आकर अपना मोबाइल फोन जमीन पर पटक दिया.

अधिकारी ने बताया, “उस शाम सिंह उसी इमारत में रहने वाले एक व्यक्ति की कार से गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसा. हालांकि, पुलिस ने उसे फिर से रोक लिया. इस बार उन्होंने उसे बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया.” पूछताछ के दौरान सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अभिनेता से मिलना चाहता था. अधिकारी ने बताया कि सिंह ने दावा किया कि पुलिस उसे इमारत में घुसने नहीं दे रही थी, इसलिए उसने चुपके से अंदर घुसने की कोशिश की.

अधिकारी ने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिंह गैलेक्सी अपार्टमेंट के निवासी की कार में बैठकर अंदर कैसे घुसा.
अधिकारी ने बताया कि ऐसी ही एक अन्य घटना में बुधवार को एक महिला इमारत में घुसी और खान के फ्लैट तक भी पहुंच गई.
अधिकारी ने बताया कि सिंह और महिला दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके खिलाफ अवैध तरीके से प्रवेश करने का मामला दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu