पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सभी मुद्दों के हल के लिए भारत के साथ शांति वार्ता की इच्छा जताई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 11:22 PM
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सभी मुद्दों के हल के लिए भारत के साथ शांति वार्ता की इच्छा जताई
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कश्मीर, आतंकवाद, जल और व्यापार सहित सभी मुद्दों को सुलझाने के लिए भारत के साथ शांति वार्ता करने की सोमवार को इच्छा व्यक्त की. शरीफ ने यह टिप्पणी ईरान की राजधानी तेहरान में की, जहां वह चार देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में पहुंचे हैं. प्रधानमंत्री तुर्किये से ईरान की राजधानी पहुंचे, जहां राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सादाबाद पैलेस में उनका स्वागत किया. शरीफ को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और उन्होंने राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ बातचीत की.

पेजेशकियन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि वह शांति के लिए भारत के साथ बातचीत करने को तैयार हैं. उन्होंने कहा, ”हम कश्मीर मुद्दे और जल मुद्दे सहित सभी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहते हैं और व्यापार तथा आतंकवाद-रोधी मुद्दों पर भी अपने पड़ोसी के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं.” उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि अगर भारत ने युद्ध का रास्ता चुना तो इसका जवाब दिया जाएगा.

शहबाज शरीफ ने कहा, ”लेकिन अगर वे आक्रामक बने रहना चुनते हैं तो हम अपने क्षेत्र की रक्षा करेंगे … जैसा कि हमने कुछ दिन पहले किया है. लेकिन अगर वे शांति के मेरे प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो हम दिखा देंगे कि हम गंभीरता से और ईमानदारी से वास्तव में शांति चाहते हैं .” भारत ने स्पष्ट कहा है कि वह पाकिस्तान के साथ केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने और आतंकवाद के मुद्दे पर ही बातचीत करेगा.

शरीफ ने यह भी दावा किया कि उनका देश भारत के साथ चार दिन तक चले युद्ध में ”विजयी” रहा है. शरीफ ने पाकिस्तान और भारत के बीच हाल ही में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान पेजेशकियन की ओर से चिंता जताए जाने की सराहना की. उन्होंने सैन्य तनाव के दौरान पाकिस्तान का दौरा करने के लिए ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची की भी सराहना की और उन्हें एक “उत्कृष्ट राजनयिक” बताया. शरीफ और उनका प्रतिनिधिमंडल ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामनेई से भी मुलाकात करेगा और द्विपक्षीय मामलों के साथ-साथ महत्वपूर्ण क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu