राहुल गांधी के लेख ने भाजपा को बेनकाब कर दिया है: संजय राउत

मुंबई. शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लेख में 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में ”मैच फिक्सिंग” और ”धांधली” का आरोप लगाने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बेनकाब कर दिया है. राउत ने दावा किया कि गांधी के लेख ने दुनिया के उन लोगों के बीच चिंता पैदा कर दी है जो लोकतंत्र में भरोसा रखते हैं.

उन्होंने दावा किया कि गांधी एक ”अद्भुत इंसान” हैं और विपक्ष के नेता के संवैधानिक पद पर हैं. उन्होंने कहा, ”भाजपा का पर्दाफाश हो गया है. (मुख्यमंत्री) देवेंद्र फडणवीस लेख लिख सकते हैं लेकिन पूरी दुनिया जानती है कि वह चुनाव कैसे जीते गए.” गांधी ने शनिवार को एक अखबार में प्रकाशित एक लेख और ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर आरोप लगाया था कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ”लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट” था और यह ”मैच फिक्सिंग” अब बिहार में भी दोहराई जाएगी.

गांधी के इन आरोपों के बाद फडणवीस ने रविवार को कहा कि कांग्रेस सांसद 2024 के राज्य विधानसभा चुनावों में हार पर आत्मावलोकन करने के बजाय ”जनादेश को अस्वीकार कर रहे हैं, क्योंकि जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है”. राउत ने दावा किया कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा 25 सीट भी नहीं जीत पाती, जबकि एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना और अजित पवार की राकांपा 10 से भी कम सीट पर विजयी होती.

उन्होंने कहा, ”भाजपा और उसके सहयोगियों के लिए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीतना संभव नहीं था.” पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 132 सीट जीती थीं, शिवसेना को 57 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 41 सीट पर जीत मिली थी. विपक्षी दल कांग्रेस 16 सीट पर विजयी हुई थी, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) 20 सीट पर और शरद पवार की राकांपा (एसपी) 10 सीट पर विजयी हुई थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button