मोदी सरकार के कार्यों को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा, भगवान राहुल को सद्बुद्धि दे: नड्डा

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 09 Jun 2025 08:14 PM
मोदी सरकार के कार्यों को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा, भगवान राहुल को सद्बुद्धि दे: नड्डा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 11 साल के कार्यकाल को ‘स्वर्ण अक्षरों’ में लिखा जाएगा. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘गैर-जिम्मेदार’ नेता करार दिया. मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के मौके पर यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया और एक जिम्मेदार और जवाबदेह सरकार प्रदान करके सुशासन की राजनीति शुरू की, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती संप्रग सरकार ‘भ्रष्टाचार, घोटाले और तुष्टीकरण’ की राजनीति में लिप्त रही.
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए कार्य असाधारण हैं और उन्हें स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचनाओं और ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष में भारत के लड़ाकू विमानों के मार गिराए जाने की आशंका जताये जाने के बारे में पूछे जाने पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”वह बेबुनियाद सवाल पूछकर गैर-जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे.” नड्डा ने कहा, ”उनका (राहुल का) मकसद समझ पाना मुश्किल है. वह सर्वदलीय बैठक में भाग लेते हैं और कहते हैं कि वह देश के साथ खड़े हैं. वह बाहर आते हैं और बेबुनियाद सवाल उठाते हैं. मैं केवल इतना ही कह सकता हूं कि वह गैर-जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं.” पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन में गिरावट के बाद केंद्र सरकार की स्थिरता के सवाल पर नड्डा ने कहा कि राजग सरकार न केवल यह कार्यकाल पूरा करेगी, बल्कि अगला कार्यकाल भी पूरा करेगी.

उन्होंने कहा, ”हमारी सरकार मजबूत है. यह इस कार्यकाल में पांच साल पूरे करेगी और अगला कार्यकाल भी पूरा करेगी.” मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संवाददाता सम्मेलन को संबोधित नहीं करने संबंधी कांग्रेस नेता जयराम रमेश की टिप्पणियों को खारिज करते हुए नड्डा ने कहा कि अगर सत्ता में बैठे प्रमुख दल का अध्यक्ष मीडिया से बात करता है तो इसमें क्या गलत है. रमेश पर पलटवार करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री कांग्रेस महासचिव से ज्यादा जनता से संवाद करते हैं.

नड्डा ने निर्वाचन आयोग और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी और उनके सहयोगियों की तुलना क्रिकेट मैच में हारने वाले उस खिलाड़ी से की, जो हार के लिए अंपायर को दोषी ठहराता है और जीत होने पर श्रेय लेता है.
उन्होंने कहा, ”यह सही नहीं है. उन्होंने अलग-अलग प्रेस वार्ताओं में मतदाताओं की संख्या को लेकर भिन्न आंकड़े दिए. निर्वाचन आयोग जैसी इतनी बड़ी संस्था पर इतने हल्के तरीके से हमला किया जाता है?” नड्डा ने कहा कि एक साथ चुनाव कराने के समर्थन में राय बनाने के लिए भाजपा जनता के बीच सक्रियता से प्रचार कर रही है.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक उत्तरदायी और मजबूत सरकार प्रदान की. नड्डा ने मोदी सरकार द्वारा लिए गए साहसिक निर्णय गिनाते हुए अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, तीन तलाक को खत्म करने, वक्फ संशोधन, नोटबंदी और महिला आरक्षण विधेयक का जिक्र किया. नड्डा ने कहा, ”2014 से पहले, पिछली सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी और देशभर में नकारात्मकता का माहौल था. लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भावनाएं बदल गईं. अब लोग गर्व से कहते हैं कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’.” प्रधानमंत्री मोदी ने 9 जून 2024 को तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी. मोदी सरकार सोमवार को अपने तीसरे कार्यकाल की पहली और कुल मिलाकर 11वीं वर्षगांठ मना रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital