अहमदाबाद विमान हादसा बेहद दुखद, गहरी संवेदना प्रकट करते हैं : विदेश मंत्रालय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jun 2025 09:43 PM
अहमदाबाद विमान हादसा बेहद दुखद, गहरी संवेदना प्रकट करते हैं : विदेश मंत्रालय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विदेश मंत्रालय ने अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को हुए विमान हादसे को “बेहद दुखद” करार देते हुए इसमें अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे. हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, “यह एक बेहद दुखद हादसा है. हम उन लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है.” जायसवाल ने कहा कि स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है और संबंधित एजेंसियों से अधिक जानकारियां जल्द सामने आएंगी. एअर इंडिया के मुताबिक, अहमदाबाद से गैटविक (लंदन) जा रहे विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश और एक कनाडाई नागरिक सवार थे.

हमारा वाणिज्य दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा : अमेरिका में आव्रजन कार्रवाई पर विदेश मंत्रालय

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से लॉस एंजिलिस में अवैध प्रवासियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के मद्देनजर भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि सैन फ्रांसिस्को स्थित उसका वाणिज्य दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है. भारत ने क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों को “उचित” सावधानियां बरतने की सलाह भी दी.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि वाणिज्य दूतावास “भारतीय समुदाय के सदस्यों के कल्याण के लिए उनके साथ निकट संपर्क में है.” जायसवाल से पूछा गया था कि क्या भारत लॉस एंजिलिस की मौजूदा स्थिति पर नजर रख रहा है, क्योंकि अमेरिकी प्रशासन ने क्षेत्र में आव्रजन संबंधी कार्रवाई तेज कर दी है. अंतरराष्ट्रीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, लॉस एंजिलिस में अमेरिकी नेशनल गार्ड के र्किमयों और मरीन को भी तैनात किया गया है.

जायसवाल ने कहा, “हमें घटनाक्रम की जानकारी है. जैसा कि आप जानते हैं, हम विदेश में अपने नागरिकों की सुरक्षा एवं कल्याण को बेहद गंभीरता से लेते हैं. लॉस एंजिलिस सहित पूरे कैलिफोर्निया में बड़ी संख्या में भारतीय हैं.” अमेरिका के पश्चिमी तट पर स्थित कैलिफोर्निया में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं. जायसवाल ने कहा, “हम क्षेत्र में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को उचित सावधानियां बरतने की सलाह देते हैं. सैन फ्रांसिस्को में हमारा वाणिज्य दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और वह अपने समुदाय के सदस्यों के कल्याण के लिए उनके साथ निकट संपर्क में बना हुआ है.”

हम द्विपक्षीय रिश्तों को फिर से कायम करने का रास्ता तलाश रहे : भारत-कनाडा संबंधों पर विदेश मंत्रालय

भारत और कनाडा को “जीवंत लोकतंत्र” बताते हुए विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि नयी दिल्ली का मानना है कि जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच होने वाली बैठक विचारों के आदान-प्रदान और द्विपक्षीय संबंधों को फिर से स्थापित करने का रास्ता तलाशने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की.
उन्होंने कहा, “पिछले हफ्ते हमारे प्रधानमंत्री को कनाडा के प्रधानमंत्री का फोन आया था. बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री (मोदी) को जी-7 (शिखर सम्मेलन) में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और जैसा कि आप जानते हैं, निमंत्रण स्वीकार कर लिया गया है.” जायसवाल ने कहा कि यह बातचीत दोनों प्रधानमंत्रियों के लिए भारत-कनाडा संबंधों पर विचार-विमर्श करने और इसे आगे ले जाने के उपायों पर चर्चा करने का भी अवसर था. कनाडा इस महीने के अंत में महत्वपूर्ण जी-7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा.

जायसवाल ने कहा, “भारत और कनाडा जीवंत लोकतंत्र हैं, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता से बंधे हैं. दोनों देशों के लोगों के बीच भी निश्चित रूप से बहुत ही जीवंत संबंध हैं.” उन्होंने कहा, “हमारा मानना है कि कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं के बीच होने वाली आगामी बैठक द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने तथा आपसी सम्मान, साझा हितों और एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता के आधार पर संबंधों को स्थापित करने या पुन?स्थापित करने का रास्ता तलाशने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी.” बाद में भारत-कनाडा संबंधों की भावी दिशा से जुड़े एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा, “हम संबंधों को फिर से स्थापित करने का रास्ता तलाश रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu