विमान दुर्घटना के बाद से अब तक 270 शव, अहमदाबाद सिविल अस्पताल लाए गए: चिकित्सक

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 14 Jun 2025 02:56 PM
विमान दुर्घटना के बाद से अब तक 270 शव, अहमदाबाद सिविल अस्पताल लाए गए: चिकित्सक
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: एअर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद अब तक कुल 270 शव अहमदाबाद सिविल अस्पताल में लाए गए हैं। अस्पताल के चिकित्सकों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने पहले मरने वालों की संख्या 265 बताई थी।

अधिकारियों ने कहा कि पिछले 24 घंटे में, शहर की दमकल टीम ने विमान दुर्घटनास्थल से एक शव और शरीर के कुछ अंग बरामद किए हैं। बीजे मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. धवल गमेती ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “विमान दुर्घटनास्थल से अब तक लगभग 270 शव सिविल अस्पताल लाए गए हैं।” डीएनए नमूनों का मिलान करके शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया अभी जारी है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव रिश्तेदारों को सौंप दिए जाएंगे।

अहमदाबाद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (एएफईएस) ने मेघाणीनगर क्षेत्र में विमान दुर्घटना स्थल से पिछले 24 घंटे में मानव शरीर के कुछ अंग और एक शव बरामद किया है। बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद से 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (एआई 171) विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद मेघाणीनगर में एक मेडिकल हॉस्टल और उसके कैंटीन परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital