दिग्गज मार्क्सवादी नेता वी एस अच्युतानंदन की हालत गंभीर: चिकित्सक

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 01:17 PM
दिग्गज मार्क्सवादी नेता वी एस अच्युतानंदन की हालत गंभीर: चिकित्सक
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम: पिछले दिनों दिल का दौरा पड़ने के बाद से यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिग्गज मार्क्सवादी नेता अच्युतानंदन (101 वर्ष) को इस सप्ताह की शुरूआत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक दल उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहा है।

अस्पताल द्वारा बृहस्पतिवार को जारी ताजा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, डॉक्टर उनके श्वसन, रक्तचाप और गुर्दे के कामकाज को सहारा देने के लिए जीवन रक्षक उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं। अच्युतानंदन केरल की राजनीति में एक प्रमुख व्यक्तित्व रहे हैं। वह हाल के वर्षों में उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और उन्होंने सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखी है।

उन्होंने 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दी थीं। वह सात बार विधायक रहे हैं और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कुल 10 चुनाव लड़े, जिनमें से केवल तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वह 1964 में अविभाजित कम्युनिस्ट पार्टी में विभाजन के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना करने वाले समूह के अंतिम जीवित सदस्य हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital