ईरान ने इजराइल पर विजय प्राप्त की है : खामेनेई ने युद्ध की समाप्ति के बाद कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 07:59 PM
ईरान ने इजराइल पर विजय प्राप्त की है : खामेनेई ने युद्ध की समाप्ति के बाद कहा
ऑडियो सुनें

दुबई. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजराइल-ईरान के बीच हालिया युद्धविराम के बाद बृहस्पतिवार को अपने पहले सार्वजनिक बयान में दावा किया कि उनके देश ने इजराइल पर जीत हासिल की है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने ”अमेरिका के मुंह पर तमाचा मारा है.” खामेनेई ने ईरान के सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक वीडियो संदेश में यह टिप्पणियां कीं. ईरान के सर्वोच्च नेता ने किसी भी अन्य अमेरिकी हमले के खिलाफ भी चेतावनी दी.

इजराइली सेना की तेहरान पर बमबारी के बाद 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान 86-वर्षीय खामेनेई ने एक गुप्त स्थान पर शरण ली थी.
खामेनेई ने कहा कि अमेरिका ने युद्ध में केवल इसलिए हस्तक्षेप किया, क्योंकि ”उसे लगा कि अगर उसने हस्तक्षेप नहीं किया, तो यहूदी शासन पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा.” हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को ”इस युद्ध से कुछ हासिल नहीं हुआ है.”

खामेनेई ने सोमवार को कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरानी मिसाइल हमले का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा, ”इस्लामिक गणराज्य विजयी हुआ और उसने अमेरिका के मुंह पर तमाचा मारा.” खामेनेई ने चेतावनी दी, ”भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई दोहराई जा सकती है. ईरान की क्षेत्र में स्थित प्रमुख अमेरिकी अड्डों तक पहुंच है और जब भी वह आवश्यक समझे, वह कार्रवाई कर सकता है.”

उन्होंने कहा, ”यदि कोई आक्रमण होता है, तो दुश्मन को निश्चित रूप से भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.” खामेनेई को 13 जून को युद्ध छिड़ने के बाद एक गुप्त स्थान पर शरण लेने के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया . इजराइल ने ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला किया था और शीर्ष सैन्य कमांडरों और वैज्ञानिकों को निशाना बनाया. बाद में अमेरिका ने 22 जून को बंकर-बस्टर बमों से ईरान के परमाणु स्थलों को निशाना बनाया था. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल और ईरान के बाद युद्धविराम की घोषणा की, जो मंगलवार को प्रभावी हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu