योगी आदित्यनाथ, केशव मौर्य और मायावती समेत कई नेताओं ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 01 Jul 2025 02:51 PM
योगी आदित्यनाथ, केशव मौर्य और मायावती समेत कई नेताओं ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी
ऑडियो सुनें

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती समेत कई नेताओं ने बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!’’ योगी के बधाई संदेश पर सपा प्रमुख यादव ने उसी पोस्ट में जवाब देते हुए कहा, आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद! राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘सपा प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’ मौर्य ने इसी पोस्ट में यादव के दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा, ‘‘भगवान प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और देवों के देव महादेव की कृपा से आपका स्वास्थ्य उत्तम और आप दीर्घायु हों।’’

बसपा प्रमुख मायावती ने ‘एक्स’ पर बधाई संदेश में कहा, समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में सांसद अखिलेश यादव जी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई तथा उनके सुखी व दीर्घायु जीवन की भी ढेरों शुभकामनायें।

इस पोस्ट पर अपने जवाब में यादव ने लिखा, ‘‘आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।’’ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।’’ राय ने कहा, ‘‘बाबा श्री काशीविश्वनाथ जी महाराज से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं। हर हर महादेव!’’

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सपा अध्यक्ष को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।

अपना दल (एस) की अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ह्लसमाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं माननीय सांसद अखिलेश यादव जी को समस्त अपना दल परिवार की ओर से जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।

पटेल ने कहा ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करती हूं। आप जनसेवा के मार्ग पर निरंतर प्रगति व यश प्राप्त करते रहे।’’ निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के अध्यक्ष एवं राज्य के मत्स्य मंत्री डॉ संजय निषाद ने भी सोशल मीडिया मंच पर अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए, उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

सपा प्रमुख एवं कन्नौज के सांसद अखिलेश यादव शुक्रवार को 52 साल के हो गए। उनका जन्म एक जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई में हुआ। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम ंिसह यादव के पुत्र हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital