प्रियंका चतुर्वेदी ने विमान दुर्घटना की रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय मीडिया में लीक होने की जांच की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Jul 2025 07:45 PM
प्रियंका चतुर्वेदी ने विमान दुर्घटना की रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय मीडिया में लीक होने की जांच की मांग की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. शिवसेना (उबाठा) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सोमवार को नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर इस बात की तहकीकात की मांग की कि एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच से जुड़ी प्रारंभिक रिपोर्ट के विवरण भारत में जारी होने से पहले अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कथित तौर पर कैसे लीक हो गये. नायडू को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि रिपोर्ट ”लीक” होने की औपचारिक जांच की जानी चाहिए.

रिपोर्ट के लेखन के संबंध में पारर्दिशता की मांग करते हुए चतुर्वेदी ने कहा कि जांच समिति के सभी सदस्यों के नाम सार्वजनिक किए जाने चाहिए और अंतरिम रिपोर्ट पर समिति के प्रत्येक सदस्य के हस्ताक्षर होने चाहिए. विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने शनिवार को एअर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान संबंधी दुर्घटना पर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की. इस दुर्घटना में विमान में सवार 241 लोगों सहित 260 लोगों की मौत हो गई थी.

अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही उड़ान संख्या एआई171 के उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान एक इमारत से टकरा गया था.
चतुर्वेदी ने लिखा, ”मैं आपको विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा हाल ही में जारी अंतरिम जांच रिपोर्ट को जिस तरह से लिया गया और प्रसारित किया गया, उसके बारे में गंभीर चिंता व्यक्त करने के लिए लिख रही हूं, विशेष रूप से भारत में रिपोर्ट के आधिकारिक रूप से सार्वजनिक होने से पहले अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों में मीडिया रिपोर्ट सामने आने के आलोक में.”

उन्होंने कहा कि वह सार्वजनिक सुरक्षा, पायलटों के मनोबल और भारत की वैश्विक विमानन स्थिति पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को देखते हुए यह लिख रही हैं. चतुर्वेदी ने ‘एक्स’ पर अपना पत्र साझा करते हुए कहा, ”क्योंकि एआई171 दुर्घटना और इसकी अंतरिम रिपोर्ट के संबंध में जो कुछ हो रहा है, उस पर कोई मूकदर्शक नहीं रह सकता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu