‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर हो रही असेंबलिंग, जमीनी बदलाव की जरूरत: राहुल

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 19 Jul 2025 03:45 PM
‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर हो रही असेंबलिंग, जमीनी बदलाव की जरूरत: राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि देश में ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर सिर्फ असेंबलिंग हो रही, असली विनिर्माण नहीं हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक भारत उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बनता, रोजगार, विकास और ‘मेक इन इंडिया’ की बातें सिर्फ भाषण ही रहेंगी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने पिछले सप्ताह ग्रेटर नोएडा में टेलीविजन निर्माण से संबंधित एक फैक्टरी का दौरा किया था। उन्होंने इसका एक वीडियो अपने ‘एक्स’ हैंडल और दूसरे सोशल मीडिया मंच पर साझा किया। राहुल गांधी ने पोस्ट किया, ‘‘क्या आप जानते हैं कि भारत में बने ज्यादातर टीवी का 80 प्रतिशत हिस्सा चीन से आता है? ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर हम सिर्फ असेंबल कर रहे हैं- असली विनिर्माण नहीं। आईफोन से लेकर टीवी तक के पुजऱ्े विदेश से आते हैं, हम बस जोड़ते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘छोटे उद्यमी निर्माण करना चाहते हैं, लेकिन न नीति है, न सहयोग। उल्टा, भारी कर और चुने हुए कॉरपोरेट का एकाधिकार है, जिसने देश के उद्योग को जकड़ रखा है।’’ राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘जब तक भारत उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बनता, रोजगार, विकास और ‘मेक इन इंडिया’ की बातें सिर्फ भाषण रहेंगी।’’ उन्होंने कहा कि जमीनी बदलाव चाहिए ताकि भारत असेंबली लाइन से निकलकर असली विनिर्माण शक्ति बने और चीन को बराबरी की टक्कर दे सके।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital