शाहरुख को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर थरूर ने दी बधाई, अभिनेता ने दिया मजेदार जवाब

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 04 Aug 2025 02:56 PM
शाहरुख को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर थरूर ने दी बधाई, अभिनेता ने दिया मजेदार जवाब
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: अपने भाषायी कौशल के कारण शब्दों के जादूगर माने जाने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने पर शाहरुख खान को जब अपने चिर परिचित अंदाज के बजाय सरल भाषा में बधाई दी तो अभिनेता ने एक मजेदार जवाब देकर कांग्रेस नेता को धन्यवाद दिया।

थरूर ने शाहरुख को ‘जवान’ फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘राष्ट्रीय रत्न ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। शाहरुख खान, बधाई हो।’’ अपनी हाजिर जवाबी के लिए जाने जाने वाले शाहरुख ने थरूर के बधाई संदेश के जवाब में क्लिष्ट अंग्रेजी के कुछ शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘सरल शब्दों में प्रशंसा करने के लिए शुक्रिया, श्री थरूर।… वरना अधिक ‘मैग्निलक्वंट’ (अलंकृत शब्द) और ‘सेसक्विपेडेलियन’ (लंबे शब्द) शब्द मेरी समझ में नहीं आते।…’’

शाहरुख को शुक्रवार को आयोजित 71वें राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में एटली कुमार निर्देशित फिल्म ‘जवान’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। उनके साथ यह पुरस्कार ‘12वीं फेल’ के लिए विक्रांत मैसी को भी मिला।

शाहरुख ने कई अन्य लोगों के बधाई संदेशों के भी दिलचस्प जवाब दिए। जब शाहरुख की पत्नी गौरी ने अपने पसंदीदा कलाकारों – रानी मुखर्जी, करण जौहर और शाहरुख – को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बधाई दी थी तब अभिनेता ने इसके जवाब में कहा, ‘‘आज रात जब हम रात्रि भोजन करेंगे, कृपया तब मुझसे मेरी तारीफ करें… फिल्म का निर्माण करने के लिए धन्यवाद।’’

मुखर्जी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में उनके अभिनय के लिए यह पुरस्कार मिला। करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म घोषित किया गया।
शाहरुख ने अपनी दशकों पुरानी मित्र जूही चावला के बधाई संदेश के जवाब में लिखा, ‘‘शुक्रिया जूही, मैंने बेहतरीन लोगों से सीखा है। आप मेरे सफर का एक अभिन्न हिस्सा रही हैं। ढेर सारा प्यार।’’ उन्होंने अपने दोस्त विवेक वासवानी के बधाई संदेश के जवाब में लिखा, ‘‘यह शुरूआत आपसे हुई थी। राजू आखिरकार बन गया जेंटलमैन।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital