बीजद प्रमुख नवीन पटनायक की हालत स्थिर, जनता के लिए जारी किया वीडियो संदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Aug 2025 07:39 PM
बीजद प्रमुख नवीन पटनायक की हालत स्थिर, जनता के लिए जारी किया वीडियो संदेश
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक की हालत अब स्थिर है और उन्हें निगरानी कक्ष से ‘केबिन'(अलग कमरा) में स्थानांतरित कर दिया गया है. अस्पताल ने एक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी.

अस्पताल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री को निर्जलीकरण के कारण यहां भर्ती कराया गया था और उनका इलाज किया जा रहा है.
पटनायक को रविवार को शरीर में पानी की कमी के कारण भुवनेश्वर के ‘एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर’ में भर्ती कराया गया था. उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों को उनकी शुभेच्छाओं के लिए धन्यवाद दिया है.

ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने संदेश में कहा, ”एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर के चिकित्सक और कर्मचारी मेरी बहुत अच्छी तरह से देखभाल कर रहे हैं. अगर आप मुझे देखना चाहते हैं, तो भुवनेश्वर में नवीन निवास में आपका स्वागत है. धन्यवाद.” पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”शुभकामनाओं के लिए ओडिशा के लोगों का धन्यवाद. मैं चिकित्सकों और अस्पताल र्किमयों को मेरी अच्छी तरह देखभाल करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. मैं ठीक हो रहा हूं और जल्द ही लोगों से मिलूंगा.” पटनायक ने लोगों को यह संदेश उस समय जारी किया, जब राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में उनके समर्थक और शुभचिंतक अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और उनसे मिलना चाहते थे.

अस्पताल ने शाम छह बजे एक बुलेटिन में कहा, ”नवीन पटनायक की हालत में सुधार हो रहा है. उन्हें ‘केबिन’ में स्थानांतरित कर दिया गया है. नवीन पटनायक को सोमवार दोपहर एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर के निगरानी कक्ष से एक ‘केबिन’ में स्थानांतरित कर दिया गया. उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. पटनायक तरोताजा महसूस कर रहे हैं और उनका इलाज जारी है.” बीजद उपाध्यक्ष संजय दास बर्मा ने कहा, ”पटनायक की हालत अब स्थिर है और वह निर्जलीकरण की समस्या से उबर चुके हैं.” इस बीच, बीजद कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर के श्री लिंगराज मंदिर में दीपक जलाकर पटनायक के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
विभिन्न दलों के नेताओं ने भी पटनायक के शीघ्र स्वास्थ होने की कामना की है. ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी पटनायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu