पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत की, अलास्का बैठक के बारे में जानकारी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Aug 2025 10:28 PM
पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत की, अलास्का बैठक के बारे में जानकारी दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन कर उन्हें अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई शिखर वार्ता की जानकारी दी तथा यूक्रेन के साथ जारी युद्ध के दीर्घकालिक समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की.

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की गत 10 दिनों में फोन पर यह दूसरी बातचीत थी. इस दौरान मोदी ने पुतिन को यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान को लेकर भारत के दृढ़ रुख से अवगत कराया तथा कहा कि वह इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है.
ट्रंप और पुतिन ने शुक्रवार को अमेरिकी राज्य अलास्का में लगभग तीन घंटे तक बातचीत की थी, लेकिन यह बहुप्रतीक्षित शिखर सम्मेलन युद्धविराम समझौते के बिना समाप्त हो गया.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ”मेरे मित्र, राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद, फोन कॉल के लिए और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपनी हालिया बैठक की अंतर्दृष्टि साझा करने के लिए. भारत ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान किया है और इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है. मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर आदान -प्रदान के लिए तत्पर हूं.” मोदी और पुतिन ने यह बातचीत राष्ट्रपति ट्रंप की व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और कई प्रमुख यूरोपीय नेताओं के साथ होने वाली अहम बैठक से कुछ घंटे पहले की. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस से कच्चे तेल की खरीद जारी रखने के कारण भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगा दिया है, जिसके बाद वाशिंगटन के साथ नयी दिल्ली के संबंधों में तनाव पैदा हो गया है.

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि पुतिन ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई बैठक को लेकर अपना आकलन साझा किया. पीएमओ के मुताबिक, ”राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री ने कूटनीति और बातचीत के माध्यम से संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को रेखांकित किया. उन्होंने दोहराया कि भारत इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है.” पीएमओ ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत और रूस की विशिष्ट रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर भी चर्चा की.

मोदी और पुतिन की बातचीत को लेकर रूस द्वारा जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को अलास्का में रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन के प्रमुख परिणामों से अवगत कराया. इसमें कहा गया, ”प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को वार्ता के बारे में अवगत कराने के लिए धन्यवाद दिया. नेताओं ने यूक्रेन संकट के दीर्घकालिक समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की और इस मामले के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी संवाद जारी रखने पर सहमति जताई.” यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के बाद पहली अमेरिका-रूस शिखर बैठक थी. विदेश मंत्रालय ने शनिवार को शिखर सम्मेलन का स्वागत किया था तथा यूक्रेन में शांति लाने की पहल के लिए पुतिन और ट्रंप की सराहना की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu