छग: शाह के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी को लेकर तृणमूल सांसद मोइत्रा के खिलाफ प्राथमिकी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Aug 2025 07:05 PM
छग: शाह के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी को लेकर तृणमूल सांसद मोइत्रा के खिलाफ प्राथमिकी
ऑडियो सुनें

रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित “आपत्तिजनक” टिप्पणी को लेकर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के रायपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर मोइत्रा के खिलाफ शनिवार को माना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और धारा 197 (राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले आरोप, दावे) के तहत मामला दर्ज किया गया.

मोइत्रा ने कथित तौर पर यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया है कि अगर अमित शाह बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने में विफल रहते हैं, तो “पहली चीज जो आपको करनी चाहिए वह यह है कि अमित शाह का सिर काटकर अपनी मेज पर रख दें.” उन्होंने यह कथित बयान बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए दिया. हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका.

तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा पर अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता गोपाल सामंतो ने आरोप लगाया कि मोइत्रा की टिप्पणी आपत्तिजनक और असंवैधानिक थी. अधिकारी ने बताया कि शिकायत में यह भी कहा गया है कि 1971 में रायपुर के माना कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी शरणार्थी बसे थे और मोइत्रा के बयान से उनमें भय पैदा हो गया है, क्योंकि इस तरह की टिप्पणी से अन्य समुदायों में उनके प्रति गुस्सा भड़क सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu