उप्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार रूस बनेगा सहयोगी देश

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 09 Sep 2025 03:28 PM
उप्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार रूस बनेगा सहयोगी देश
ऑडियो सुनें

लखनऊ: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी (यूपीआईटीएस) 2025 में इस बार रूस सहयोगी देश के रूप में शामिल होगा। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने रूस को इस बड़े आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है। रूस की ओर से भी इस आमंत्रण को स्वीकार कर लिया गया है।

इस आयोजन में रूस का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां और सांस्कृतिक कलाकार शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितंबर को ‘यूपीआईटीएस 2025’ का शुभारंभ करेंगे, जो 29 सितंबर तक चलेगा।

एक बयान के मुताबिक इससे पहले 2024 में भी उप्र सरकार की पहल पर वियतनाम को बतौर सहयोगी देश इस प्रदर्शनी में शामिल किया गया था। इस दौरान भारत और वियतनाम के बीच आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए वियतनाम-भारत मंच और उप्र-वियतनाम पर्यटन सम्मेलन आयोजित किया गया था।

आदित्यनाथ ने दोनों देशों के बीच व्यापार एवं पर्यटन संबंधों पर जोर दिया था। उनका मानना है कि उत्तर प्रदेश न केवल भारत का ग्रोथ इंजन है, बल्कि वैश्विक निवेश का केंद्र भी बन रहा है। ऐसे में रूस के यूपीआईटीएस 2025 में सहयोगी देश बनने से इस आयोजन को नई दिशा मिलेगी और प्रदेश के उद्योगों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

रूस की ओर से आने वाले प्रतिनिधिमंडल में बैंंिकग, ऊर्जा, कौशल विकास, शिक्षा और आईटी/आईटीईएस क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। वे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्तर के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
इसके साथ ही रूस का नौ सदस्यीय सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देगा, जिससे व्यापार प्रदर्शनी में भारत-रूस सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital