दंतेवाड़ा में प्रेशर बम की चपेट में आने से सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Sep 2025 07:17 PM
दंतेवाड़ा में प्रेशर बम की चपेट में आने से सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान घायल
ऑडियो सुनें

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में प्रेशर बम में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मालेवाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत सातधार पुल के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से सीआरपीएफ के 195वीं वाहिनी के निरीक्षक दीवान सिंह गुर्जर और आरक्षक आलम मुनेश घायल हो गए हैं.

अधिकारियों ने बताया कि आज मालेवाही थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के 195वीं वाहिनी के दल को सातधार और मालेवाही गांव की ओर गश्त पर रवाना किया गया था. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुबह लगभग साढ़े दस बजे सातधार पुल से आगे माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आने से गुर्जर और मुनेश घायल हो गए हैं.

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायल जवानों को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उच्चतर चिकित्सा केंद्र रवाना किया गया है. उन्होंने बताया कि घायल जवानों की स्थिति सामान्य है तथा खतरे से बाहर हैं.
राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है. इन क्षेत्रों में नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए सड़कों और पगडंडियों में बारूदी सुरंग और प्रेशर बम लगा देते हैं. राज्य के सुकमा जिले में नौ जून को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बारूदी सुरंग विस्फोट की घटना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की मृत्यु हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu