
पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के चुनावी वादों को “अव्यावहारिक” करार दिया और दावा किया कि राजद लोगों को सरकारी नौकरी देने के बहाने उनकी जमीन छीनने की साजिश रच रहा है. उन्होंने यह टिप्पणी राजद शासनकाल के दौरान कथित ‘भूमि के बदले नौकरी’ घोटाले की ओर इशारा करते हुए की.
भाजपा नेता ने संवाददाताओं से कहा, “तेजस्वी यादव ने राज्य के 2.6 करोड़ परिवारों में से प्रत्येक में एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है. इसके लिए लगभग 12 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी, जबकि बिहार का कुल बजट करीब तीन लाख करोड़ रुपये है. ऐसे में वे यह वादा कैसे पूरा करेंगे?” संविदार्किमयों और जीविका दीदियों सहित सामुदायिक र्किमयों को नियमित करने के तेजस्वी के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रसाद ने कहा, “जीविका दीदी योजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच का परिणाम है. इस योजना से अब तक लगभग 1.21 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हुई हैं. अब तेजस्वी यादव उसी योजना का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि राजद मतदाताओं को गुमराह करने के लिए “झूठे वादे” कर रही है. प्रसाद ने कहा, “बिहार की जनता उस दल पर भरोसा नहीं करेगी जिसका अतीत भ्रष्टाचार और कुशासन से भरा हुआ है.”
तेजस्वी यादव द्वारा एनडीए पर दृष्टिहीनता के आरोप का जवाब देते हुए प्रसाद ने कहा, “राजग सरकार के विकास कार्य सबको दिख रहे हैं. हमारा संगठन मजबूत और जमीनी है. नीतीश कुमार सुशासन में सक्षम हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी डबल इंजन सरकार पर जनता को भरोसा है.” भाजपा नेता ने कहा कि राजद शासनकाल “डर, लूट और भ्रष्टाचार” से भरा था, जिससे उसे ‘जंगलराज’ की संज्ञा मिली.
प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा, “तेजस्वी कहते हैं कि उन्होंने सरकार में रहते हुए बहुत काम किया. उन्हें बताना चाहिए कि उस वक्त मुख्यमंत्री कौन थे? वे केवल खोखले वादे करते हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) काम करने वाला गठबंधन है.” तेजस्वी यादव और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए प्रसाद ने कहा, “आप (तेजस्वी) भ्रष्टाचार की बात करते हैं, तो किसकी कहानी पर भरोसा करें आपके पिता की, आपकी मां की या आपकी अपनी?” उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद और राबड़ी देवी पर आईआरसीटीसी के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के ठेके के बदले पटना के प्रमुख इलाके में जमीन स्थानांतरण से जुड़े एक कथित घोटाले में मुकदमा चल रहा है.
प्रसाद ने आरोप लगाया, “पटना के बेली रोड पर करीब 3.5 एकड़ जमीन ‘डिलाइट मार्केटिंग कंपनी’ के माध्यम से लालू परिवार को हस्तांतरित की गई थी. तेजस्वी यादव आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत आरोपी हैं और वे दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा, “लालू प्रसाद चार चारा घोटाला मामलों में दोषी ठहराए जा चुके हैं और उन्हें कुल 32 वर्ष 5 माह की सजा सुनाई गई है.”



