जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में गोलीबारी के बाद घेराबंदी कड़ी की गई, एक आतंकवादी ‘घायल’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Dec 2025 10:37 PM
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में गोलीबारी के बाद घेराबंदी कड़ी की गई, एक आतंकवादी ‘घायल’
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले के एक सुदूर वन गांव में सोमवार शाम को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी के घायल होने की खबर है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी बंद हो गई है, लेकिन आतंकियों के भागने के सभी रास्तों को बंद करने के लिए पुख्ता घेराबंदी की गई है, ताकि छिपे हुए आतंकवादियों को मार गिराया जा सके.

अधिकारियों ने बताया कि जिले के मजालता क्षेत्र के सोआन गांव में गोलीबारी तब शुरू हुई, जब सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया. जम्मू संभाग के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने बताया कि पुलिस को सुदूर गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके के बाद कार्रवाई शुरू की गई.

अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस के स्पेशल आॅपरेशंस ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर अभियान को अंजाम दे रही है.’’ पुलिस महानिरीक्षक ने सोशल मीडिया मंच पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘एसओजी की एक बहुत छोटी टीम ने आतंकवादियों से मुठभेड़ की! अंधेरे और दुर्गम इलाके के कारण जंगल में तलाशी में बाधा आ रही है.’’ अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ शाम करीब छह बजे गांव में हुई और कुछ समय तक जारी रही.

उन्होंने बताया कि माना जा रहा है कि शुरुआती गोलीबारी में एक आतंकवादी घायल हुआ है. उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि अभियान को रात के लिए रोक दिया गया है और मंगलवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ इसे फिर से शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि घेराबंदी को मजबूत करने और आतंकवादियों का सफाया करने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu