जगन ने मेडिकल कॉलेजों के ‘निजीकरण’ के खिलाफ एक करोड़ हस्ताक्षर अभियान को ऐतिहासिक बताया

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 16 Dec 2025 03:00 PM
जगन ने मेडिकल कॉलेजों के ‘निजीकरण’ के खिलाफ एक करोड़ हस्ताक्षर अभियान को ऐतिहासिक बताया
ऑडियो सुनें

अमरावती: वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों के कथित निजीकरण के खिलाफ उनकी पार्टी का एक करोड़ हस्ताक्षर अभियान आंध्र प्रदेश की एन चंद्रबाबू नायडू नीत राजग सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ जनता की ऐतिहासिक प्रतिक्रिया है। जगन ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के तहत सोमवार को राज्य के सभी 26 जिला मुख्यालयों में विशाल रैलियां आयोजित की गईं।

जगन ने सोमवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ यह सिर्फ निजीकरण के खिलाफ अभियान नहीं है, बल्कि चंद्रबाबू नायडू के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ जनता की ऐतिहासिक प्रतिक्रिया है।’’ जगन ने यह भी दावा किया कि एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से इस आंदोलन में भाग लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार समाज के सभी वर्गों के लोग आगे आए क्योंकि उन्हें डर था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के फैसले से राज्य की किफायती चिकित्सा शिक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा कथित तौर पर तबाह हो जाएगी। जगन ने मांग की कि नायडू सरकारी मेडिकल कॉलेजों के कथित निजीकरण के फैसले को तुरंत वापस लें।

जगन और पार्टी के वरिष्ठ नेता 18 दिसंबर को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर से मुलाकात करेंगे और राजग गठबंधन सरकार की कथित निजीकरण योजना के प्रति जनता के विरोध को उजागर करने वाले हस्ताक्षर संबंधी दस्तावजे सौंपेंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital