बीजापुर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को किया ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Dec 2025 07:07 PM
बीजापुर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को किया ढेर
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आदवाड़ा-कोटमेटा के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर बीजापुर के जिला रिजर्व गार्ड के दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था.

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह छह बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है.
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव, एक.303 राइफल, नौ एमएम पिस्तौल, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान एरिया कमेटी सदस्य फगनू माड़वी (35) के रूप में हुई है जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था.

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि 2025 में सुरक्षा बलों की प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप बस्तर में माओवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. उन्होंने कहा कि माओवादी संगठन का पूरा तंत्र बिखर चुका है और हिंसा या दहशत फैलाने के उनके किसी भी प्रयास का अब कोई असर नहीं रह गया है. पुलिस महानिरीक्षक ने सभी सक्रिय नक्सलियों से हिंसा का मार्ग त्याग कर सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की है. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

बृहस्पतिवार को सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में कुल 12 लाख रुपये के इनामी तीन माओवादियों को मार गिराया था जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल थी. इस कार्रवाई के साथ, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 285 नक्सली मारे जा चुके हैं. इनमें से 256 बस्तर क्षेत्र में मारे गए, जिसमें बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा सहित सात जिले शामिल हैं. वहीं 27 अन्य रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत गरियाबंद जिले में मारे गए. राज्य के दुर्ग क्षेत्र के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दो नक्सली मारे गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu