पटना में TRE 4 अभ्यर्थियों पर चला पुलिस का डंडा! जेपी गोलंबर पर मचा हंगामा, कई छात्र घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 08 May 2026 02:28 PM
पटना में TRE 4 अभ्यर्थियों पर चला पुलिस का डंडा! जेपी गोलंबर पर मचा हंगामा, कई छात्र घायल
ऑडियो सुनें

पटना: पटना में TRE 4 के विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई हुई है। पटना कॉलेज से निकाला गया विरोध मार्च जब जेपी गोलंबर पहुंचा, तो वहां बड़ी संख्या में जुटे हजारों अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज
इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन में अभ्यर्थी लगातार परीक्षा प्रक्रिया में देरी का विरोध कर रहे थे और जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे। छात्र पटना कॉलेज से निकलकर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के कार्यालय की ओर जा रहे थे, लेकिन उन्हें जेपी गोलंबर पर ही रोक दिया गया। इस दौरान कुछ छात्र नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

अभ्यर्थियों की मांग और आंदोलन
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि TRE 4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री द्वारा लगातार यह कहा जा रहा है कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी, जबकि चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी TRE 4 का विज्ञापन जल्द जारी करने का आश्वासन दिया गया था। दिलीप कुमार ने कहा कि एक ओर सरकार TRE 4 की वैकेंसी की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। अगर जल्द TRE 4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो पटना में फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बीपीएससी नोटिस और आरोप
बीपीएससी ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में एक नोटिस जारी कर कहा था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही TRE 4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि बार-बार TRE 4 के अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया है। विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र सीमा समाप्त होती जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav