कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री का शपथग्रहण समारोह तीन जून को लोक भवन में होगा

बेंगलुरु: कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष जी. सी. चंद्रशेखर ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री तीन जून को यहां लोक भवन के ग्लास हाउस में शपथ लेंगे। राज्यसभा सदस्य चंद्रशेखर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शुरूआत में शपथग्रहण समारोह के आयोजन स्थल को लेकर भ्रम की स्थिति थी, लेकिन बाद में इसे लोक भवन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा, ”अब यह निर्णय लिया गया है कि शपथग्रहण समारोह तीन जून को आयोजित किया जाएगा।” सांसद ने बताया कि शपथग्रहण समारोह का सटीक समय बाद में तय कर इसकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा, ”तीन जून को होने वाला शपथग्रहण समारोह लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित किया जाएगा।”

चंद्रशेखर के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोगों को बेंगलुरु लाकर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए लगभग 10,000 से 15,000 बस बुक करने पर चर्चा हुई थी, लेकिन ईंधन संकट और यातायात जाम को ध्यान में रखते हुए इस योजना को रद्द कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ”शपथग्रहण समारोह भव्य या अत्यधिक खर्चीला नहीं होना चाहिए। इसे यथासंभव सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए और इसमें दिखावे या तामझाम के बजाय काम एवं सेवा की भावना झलकनी चाहिए। पार्टी ने निर्णय लिया है और निर्देश जारी किए हैं कि कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया जाए।”

चंद्रशेखर ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में समारोह स्थल पर पहुंचने का प्रयास न करें और सहयोग करें, ताकि यातायात जाम न हो तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button