कोयले से लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेन प्रभावित

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 21 Jul 2026 02:56 PM
कोयले से लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेन प्रभावित
ऑडियो सुनें

गाजियाबाद: गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद इलाके में कोयले से लदी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे गाजियाबाद-नयी दिल्ली मार्ग पर रेल यातायात बाधित हुआ और 53 ट्रेन प्रभावित हुईं। उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार मालगाड़ी के डिब्बों के पटरी से उतरने से व्यस्त गाजियाबाद-नयी दिल्ली मार्ग पर रेल यातायात बाधित हुआ और 53 ट्रेन प्रभावित हुईं। अधिकारियों के अनुसार यह घटना सोमवार/ मंगलवार की दरमियानी देर रात करीब 2:36 बजे हुई और इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण कोयला पटरियों पर फैल गया, जिससे गाजियाबाद और दिल्ली के बीच ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि रेल यातायात बहाली के काम की देखरेख के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रेन का सामान्य संचालन बहाल करने के लिए तकनीकी और राहत टीम तत्काल तैनात की गईं। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच का आदेश दिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस रुकावट के बाद लंबी दूरी की 24 ट्रेन का मार्ग बदलकर उन्हें दिल्ली-नयी दिल्ली रूट से भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि कुल 16 यात्री ट्रेन रद्द कर दी गई हैं, जबकि पांच यात्री सेवाओं को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे के जरिए आनंद विहार की ओर जाने वाली आठ ट्रेन के संचालन को भी नियंत्रित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पटरी से उतरने की इस घटना से कुल 53 ट्रेन प्रभावित हुई हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताज़ा स्थिति जांच लें। उन्होंने कहा कि ट्रेन का सामान्य संचालन जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav