
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे स्थित एक तटबंध का हिस्सा टूट जाने से इलाके में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, खरीक अंचल के काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल तटबंध में रविवार देर रात करीब 2:30 बजे गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज जलदाब के कारण कटाव हुआ, जिससे तटबंध का एक हिस्सा टूट गया।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय स्वयं स्थिति की निगरानी कर रही हैं। अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी तथा अभियंता वार्ड संख्या 12 स्थित शंकरपुर टोला के निकट घटनास्थल पर मौजूद हैं।
जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा, “कटाव के कारण पानी नवगछिया की ओर बह रहा है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग की तकनीकी टीम युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्य कर रही है। जल प्रवाह को नियंत्रित करने और आगे कटाव रोकने के लिए आवश्यक संसाधन एवं सामग्री मौके पर तैनात कर दी गई है।” प्रशासन के अनुसार, कटाव स्थल बिहार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के पैतृक गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि तटबंध की सुरक्षा और लोगों की जान-माल की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



