
दिल्ली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राजधानी के प्रमुख मंदिरों को फूलों, रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में महाभिषेक, महाआरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंधन के साथ दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
द्वारका इस्कॉन में 5,600 व्यंजनों का भोग
जन्माष्टमी का प्रमुख आकर्षण द्वारका स्थित इस्कॉन के श्री श्री रुक्मिणी द्वारकाधीश मंदिर में देखने को मिलेगा। यहां दो दिवसीय महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण को करीब 5,600 तरह के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इसमें पारंपरिक 56 भोग के साथ कई विशेष व्यंजन भी शामिल होंगे।
मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए करीब 1,108 किलो केक प्रसाद के रूप में तैयार किया गया है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंदिर परिसर में विशेष सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है।
AI और AR तकनीक से दिखाई जाएगी कृष्ण लीला
द्वारका में इस बार जन्माष्टमी समारोह में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। AI, ऑगमेंटेड रियलिटी और 3D प्रोजेक्शन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को प्रस्तुत किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक कथाओं का आधुनिक और आकर्षक अनुभव मिलने की उम्मीद है।
दूसरे मंदिरों में भी विशेष आयोजन
ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में सजावट की थीम भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय मोर पर आधारित है। भगवान के वस्त्र और आभूषण वृंदावन के कारीगरों से तैयार कराए गए हैं। मंदिर की सजावट के लिए थाईलैंड और बंगलूरू से विशेष फूल भी मंगाए गए हैं।
लक्ष्मी नारायण मंदिर, महरौली स्थित छतरपुर मंदिर और बद्री भगत झंडेवाला मंदिर में भी जन्माष्टमी के लिए विशेष धार्मिक आयोजन और सजावट की गई है।
जन्माष्टमी के चलते कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन
जन्माष्टमी समारोह के कारण दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इस्कॉन मंदिर, रामलीला ग्राउंड और जापानी पार्क में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए 4 सितंबर सुबह 7 बजे से 5 सितंबर रात 1 बजे तक कुछ मार्गों पर भारी यातायात और डायवर्जन लागू रहने की संभावना है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों को मधुबन चौक से हेलीपोर्ट तक भगवान महावीर मार्ग और उससे जुड़ी सड़कों से बचने की सलाह दी है। यात्रियों के लिए यूईआर-2, केएनके मार्ग, प्रहलादपुर रोड और कराला-कंझावला रोड जैसे वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही यात्रियों को घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने और रास्ते में लगे डायवर्जन संकेतों एवं ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।



