स्पाइजेट 24 दिन में 9वीं घटना: विमान के अगले पहिए में खामी से स्पाइसजेट की दुबई-मदुरै उड़ान में देरी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 12 Jul 2022 04:15 PM
स्पाइजेट 24 दिन में 9वीं घटना: विमान के अगले पहिए में खामी से स्पाइसजेट की दुबई-मदुरै उड़ान में देरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: स्पाइसजेट की दुबई-मदुरै उड़ान में सोमवार को बोइंग बी 737 विमान के अगले पहिए के ठीक से काम नहीं करने की वजह से देरी हुई। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार की घटना स्पाइसजेट में गत 24 दिनों में विमान में तकनीकी खामी आने की नौवीं घटना है।

डीजीसीए ने छह जुलाई को 19 जून से तब तक विमान में तकनीकी खामी की घटित आठ घटनाओं पर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उड्डयन नियामक ने कहा था कि सस्ती सेवा प्रदाता कंपनी सुरक्षित, प्रभावी और विश्वसनीय हवाई सेवा मुहैया कराने में ‘‘असफल’’रही है।

डीजीसीए अधिकारी ने रेखांकित किया कि सोमवार को बोइंग बी 737 मैक्स विमान जिसका पंजीकरण संख्या वीटी-एसजेडके है, से मंगलुरु-दुबई उड़ान का परिचालन किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि विमान के उतरने के बाद इंजीनियर ने निरीक्षण किया और पाया कि अगले पहिए सामान्य से अधिक दबे हुए हैं।

अधिकारियों ने रेखांकित किया कि इंजीनियर ने इसके बाद विमान के उड़ान भरने की अनुमति नहीं देने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि विमानन कंपनी ने दूसरा विमान मुंबई से दुबई के लिए रवाना किया ताकि उससे दुबई-मदुरै की उड़ान का परिचालन किया जा सके।
इस मामले पर स्पाइजेट के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘11 जुलाई 2022 को स्पाइजेट की उड़ान संख्या एसजी23 जिसका परिचालन दुबई से मदुरै के लिए होता है, में आखिरी समय में तकनीकी खामी की वजह से देरी हुई।

यात्रियों को भारत लाने के लिए तत्काल वैकल्पिक विमान को भेजा गया।’’ प्रवक्ता ने बताया, ‘‘ किसी भी विमानन कंपनी की उड़ानों में देरी हो सकती है। विमान में सुरक्षा खामी संबंधी कोई घटना नहीं हुई।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav