सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘जेलर 2’ बृहस्पतिवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस मौके पर जोरदार जश्न मनाया गया, पटाखे फोड़े गए, रस्म के तौर पर केक काटा गया, पारंपरिक तरीके से दूध से ‘अभिषेक’ किया गया और लोक वाद्ययंत्रों की थाप गूंजती रही। पूरे राज्य में सिनेमाघरों में उत्सव जैसा माहौल हो गया, जहां नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस सीक्वल फिल्म के शुरूआती शो देखने दर्शक बड़ी संख्या में पहुंचे।

तिरुचिरापल्ली में उत्साहित प्रशंसक सुबह छह बजे ही ला मैरिस थिएटर पहुंच गए। श्रीरंगम रजनीकांत फैंस क्लब की युवा शाखा के सदस्य संजय ने कहा कि प्रशंसक 76 वर्षीय अभिनेता का अभिनय देखने के लिए उत्सुक थे। उन्होंने अभिनेता को ‘महान’ बताते हुए कहा कि वह तमिल सिनेमा में लगातार बड़ा योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमें उनका जश्न मनाने का मौका नहीं छोड़ना चाहिए।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह वरिष्ठ अभिनेता आज भी बड़ी संख्या में युवा प्रशंसकों को अपने प्रशंसक वर्ग से जोड़ रहे हैं।
तिरुचिरापल्ली में बॉक्स आॅफिस पर कमाई की संभावना पर बात करते हुए संजय ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि जहां ‘जेलर 1’ अप्रत्याशित रूप से बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी, वहीं ‘जेलर 2’ के लिए मुख्य ध्यान व्यावसायिक उपलब्धियों के बजाय फिल्म के मनोरंजन मूल्य पर है।
मदुरै में फिल्म का पहला शो देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक 22 सिनेमाघरों में उत्सुकता से जुटे। मदुरै जिला रजनी प्रशंसक संघ की ओर से आयोजित जश्न के दौरान अरसराडी जैसे इलाकों में प्रशंसकों ने ढोल की थाप पर नाचकर, आतिशबाजी करके और ‘जेलर 2’ के नाम वाली खास टी-शर्ट पहनकर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।