रायपुर: राजधानी रायपुर में लड़कियों के निजी पलों की चोरी-छिपे रिकॉर्डिंग का मामला सामने आया है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में चार लड़कियों के नहाते समय के वीडियो बनाए जाने और उन्हें दूसरों तक पहुंचाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में 19 वर्षीय कृष्णा लंगोटे और 21 वर्षीय लक्की तंगील को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वीडियो बनाने के आरोप से जुड़े नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जांच के दौरान तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

मोबाइल फोन की जांच से सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, एक पीड़िता को संदेह होने पर मामले की पड़ताल शुरू हुई। शिकायत में बताया गया कि लक्की तंगील का मोबाइल फोन जांचने पर पीड़िता के अलावा मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के नहाते समय के वीडियो मिले। इसके बाद पीड़िता ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नाबालिग पर वीडियो बनाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, वीडियो कथित तौर पर एक नाबालिग ने बाथरूम में चोरी-छिपे बनाए थे। आरोप है कि बाद में उसने ये वीडियो अपने दो परिचितों कृष्णा लंगोटे और लक्की तंगील को भेजे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित लोगों की भूमिका की जांच शुरू की।
24 घंटे के भीतर दो युवक गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शास्त्री मार्केट क्षेत्र के निवासी कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। वहीं, नाबालिग के मामले में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
तीन मोबाइल फोन जब्त, IT एक्ट के तहत केस
गोलबाजार थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66E के तहत अपराध दर्ज किया है। जांच के दौरान तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।