नौजवान देश की खातिर जान देने को तैयार, ‘निकम्मी सरकार’ भर्ती के लिए तैयार नहीं : राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Apr 2022 07:08 PM
नौजवान देश की खातिर जान देने को तैयार, ‘निकम्मी सरकार’ भर्ती के लिए तैयार नहीं : राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/लखनऊ. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नौजवान देश के लिए जान देने को तैयार हैं, लेकिन ‘निकम्मी सरकार’ सेना में भर्ती करने के लिए तैयार नहीं है. उन्होंने सेना में भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कुछ युवाओं के वीडियो साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘नौजवान देश के लिए जान देने को तैयार हैं. लेकिन यह निकम्मी सरकार सेना में भर्तियां करने के लिए तैयार नहीं हैं. ना रोज़गार, ना रक्षा.’’

भाजपा की चुनावी जीत बनी ‘लूट का लाइसेंस’
कांग्रेस ने हाल में हुए उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को ‘लूट का लाइसेंस’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि देश में अब महंगाई ही ‘इवेंट’ है और मुल्क के लोग ‘महंगे मोदीवाद’ से त्रस्त हैं. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोविंद वल्लभ ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, ”केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा एक अप्रैल से देश की जनता पर लादी गई क्रूर, भारी और कमरतोड़ मूल्य वृद्धि ने देश के हर परिवार का बजट बिगाड़ दिया है.

भाजपा की चुनावी जीत लूट का लाइसेंस बन गयी है और भाजपा सरकार ने हिन्दू नववर्ष में देश पर 1,60,321 करोड़ रुपये का बोझ लादकर उसे नए साल का उपहार दिया है.” उन्होंने कहा, ”महंगाई हर व्यक्ति की रोजी-रोटी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है. महंगाई हर परिवार के जीवन व आजीविका पर हमला बोल रही है. महंगाई हर नागरिक के जीवन का अभिशाप बन गई है लेकिन इस वक्त देश में महंगाई ही इवेंट है, जिसका जश्न भाजपा और मोदी सरकार द्वारा देश के नागरिकों का उपहास करने के लिए मनाया जा रहा है.”

वल्लभ ने महंगाई के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को जमकर घेरते हुए कहा कि देश के लोग ‘महंगे मोदीवाद’ से पस्त और त्रस्त हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना बढ़ाकर ‘दैनिक गुड मॉर्निंग गिफ्ट’ दे रही है. मोदी सरकार ने अकेले पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाकर पिछले आठ सालों में 26,51,919 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया.’’ कांग्रेस प्रवक्ता ने रसोई गैस, पाइप्ड नेचुरल गैस के बढ़ते दामों, पथ कर में वृद्धि और दवाओं पर कर लगाये जाने की भी कड़े शब्दों में निन्दा की.

उन्होंने कहा, ‘‘आम नागरिक के जीवन से जुड़ा कोई पहलू नहीं है जिसमें मूल्यों में वृद्धि नहीं की गई है. इस प्रकार जनता की जेब पर डाका डालने की जिम्मेदार मोदी सरकार है.’’ इस बीच कांग्रेस के प्रान्तीय प्रवक्ता पंकज तिवारी ने एक बयान में बताया कि पार्टी के देशव्यापी ‘महंगाई मुक्त भारत’ अभियान के तहत बृहस्पतिवार को लखनऊ में राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी.

उन्होंने बताया ‘‘ प्रदेश और देश में महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, मगर सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है. ऐसे में जनहित के मुद्दे को सरकार तक पहुंचाना और उसकी तकलीफों को सरकार को अहसास कराना कांग्रेस पार्टी अपना नैतिक कर्तव्य समझती है.’’ उन्होंने कहा कि इसके तहत कांग्रेस पूरे देश में हफ्ते भर से महंगाई मुक्त भारत अभियान चला रही है तथा इसी क्रम में पार्टी सात अप्रैल को राजभवन तक पैदल मार्च करके महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu