मुझे भरोसा है कि ‘मेरे दोस्त’ प्रधानमंत्री मोदी शांतिपूर्ण, टिकाऊ दुनिया के लिए हम सबको साथ लाएंगे: मैक्रों

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Dec 2022 10:21 PM
मुझे भरोसा है कि ‘मेरे दोस्त’ प्रधानमंत्री मोदी शांतिपूर्ण, टिकाऊ दुनिया के लिए हम सबको साथ लाएंगे: मैक्रों
ऑडियो सुनें

लंदन. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने जी-20 की अध्यक्षता संभाल रहे भारत के प्रति भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक शांतिपूर्ण और टिकाऊ दुनिया बनाने के लिए सभी को साथ लाएंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को भारत को अमेरिका का मजबूत साझेदार बताया और कहा कि वह भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान अपने ‘दोस्त’ प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करने के लिए उत्सुक हैं. भारत ने बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की.

मैक्रों ने रविवार को एक ट्वीट में अपनी और प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर साझा करते हुए ‘‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’’ की थीम का समर्थन किया, जिसे भारत ने जी-20 की अध्यक्षता के दौरान काम करने के लिए चुना है. फ्रांस के राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य. भारत ने जी-20 की अध्यक्षता संभाली है. मुझे अपने मित्र नरेन्द्र मोदी पर भरोसा है कि वह हमें शांति और अधिक टिकाऊ दुनिया बनाने के लिए साथ लाएंगे.’’

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ‘‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’’ के विषय से प्रेरित होकर एकता को बढ़ावा देने के लिए काम करेगा और आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन, महामारी को सबसे बड़ी चुनौतियों के रूप में सूचीबद्ध किया जा सकता है जिससे साथ मिलकर मुकाबला किया जा सकता है.

मोदी ने एक लेख में कहा कि भारत की जी-20 प्राथमिकताओं को न केवल हमारे जी-20 भागीदारों, बल्कि दुनिया के दक्षिणी हिस्से में हमारे सहयोगियों के परामर्श से आकार दिया जाएगा, जिनकी आवाज अक्सर अनसुनी कर दी जाती है. यह लेख कई अखबारों में छपा और उनकी वेबसाइट पर भी पोस्ट किया गया. उन्होंने कहा कि भारत का जी-20 एजेंडा समावेशी, महत्वाकांक्षी, कार्रवाई उन्मुख और निर्णायक होगा. राष्ट्र/सरकार के प्रमुखों के स्तर पर जी-20 नेताओं का अगला शिखर सम्मेलन नौ और 10 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu