‘‘हैरी एंड मेगन’’ डॉक्यूमेंट्री आज होगी रिलीज, ब्रिटेन के शाही परिवार पर हो सकती है सवालों की बौछार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Dec 2022 08:12 PM
‘‘हैरी एंड मेगन’’ डॉक्यूमेंट्री आज होगी रिलीज, ब्रिटेन के शाही परिवार पर हो सकती है सवालों की बौछार
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन के शाही परिवार से राजकुमार हैरी और उनकी पत्नी मेगन के मनमुटाव के बारे में ‘‘पूरा सच’’ बताने वाली ‘नेटफ्लिक्स’ की एक सीरीज की पहली तीन कड़ियां बृहस्पतिवार को रिलीज होने वाली हैं, जिसके बाद देश की राजशाही पर सवालों की बौछार हो सकती है.

‘‘हैरी एंड मेगन’’ नामक डॉक्यूमेंट्री के दो ‘ट्रेलर’ पहले ही रिलीज किए जा चुके हैं, जिनमें ‘‘मेगन के खिलाफ नस्लवाद और जंग’’ की झलक देखने को मिली है. इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए दुनिया को यह बताने की कोशिश की गई है कि हैरी और मेगन तीन साल पहले शाही परिवार से अलग होकर अमेरिका के साउथ कैलिफॉर्निया जाकर क्यों बसे.

डॉक्यूमेंट्री के पहले तीन एपिसोड बृहस्पतिवार को रिलीज किए जाएंगे, जबकि दूसरा हिस्सा 15 दिसंबर को रिलीज होगा. इस डॉक्यूमेंट्री के रिलीज होने के बाद शाही परिवार पर सवालों की बौछार हो सकती है. हैरी ने ताजा ट्रेलर के अंत में कहा है, ‘‘पूरा सच कोई नहीं जानता. हम पूरी सच्चाई जानते हैं.’’ यह सीरीज ऐसे समय में रिलीज होने जा रही है, जब महाराजा चार्ल्स तृतीय महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि देश में शाही परिवार की अब भी महत्वपूर्ण भूमिका है. एलिजाबेथ द्वितीय की निजी लोकप्रियता के चलते 70 साल के उनके शासनकाल के दौरान शाही परिवार की कम ही आलोचना हुई.

चार्ल्स अपने शासनकाल की शुरुआत में विभिन्न जातीय समूहों से मिलकर यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि शाही परिवार एक बहुल राष्ट्र को एकजुट करके आधुनिक ब्रिटेन बनाने में मदद कर सकता है. हैरी ने साल 2018 में अश्वेत अमेरिकी नागरिक और अभिनेत्री मेगन से शादी की थी. हैरी की मेगन से शादी को एक समय शाही परिवार के 21वीं सदी के अनुसार ढलने के प्रयास के तौर पर देखा गया था, ताकि बहुसांस्कृतिक देश को और अधिक प्रतिनिधित्व वाला बनाया जा सके. हालांकि यह कल्पना जल्द ही छूमंतर हो गई जब शाही परिवार से खबरें आने लगीं कि मेगन खुद पर ही ध्यान देतीं और अपने स्टाफ को तंग करती हैं.

इन खबरों के सामने आने के बाद शाही परिवार में दरार बढ़ने लगीं और हैरी व मेगन परिवार छोड़कर कैलिफॉर्निया चले गए. मार्च 2021 में ओपरा विनफ्रे के अमेरिकी टॉक शो के बाद राजशाही में व्याप्त कथित नस्लवाद को लेकर चर्चा होने लगी. उस शो में मेगन ने आरोप लगाया था कि जब उनका पहला बच्चा पैदा हुआ तो शाही परिवार के एक सदस्य ने उसके गहरे रंग को लेकर टिप्पणी की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu