पहले के लोग अधिक समझदार थे : हनी सिंह ने ‘बेशरम रंग’ विवाद पर कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Dec 2022 07:30 PM
पहले के लोग अधिक समझदार थे : हनी सिंह ने ‘बेशरम रंग’ विवाद पर कहा
ऑडियो सुनें

मुंबई. गायक-रैपर यो यो हनी सिंह का मानना है कि शाहरुख खान अभिनीत ‘पठान’ के ‘‘बेशरम रंग’’ गाने को लेकर उठा विवाद यह दिखाता है कि दर्शक पहले अधिक समझदार थे. ‘‘बेशरम रंग’’ में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भगवा रंग की बिकिनी में दिखने के बाद से ‘पठान’ फिल्म की काफी आलोचना हो रही है. देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं और आरोप लगाया जा रहा है कि इस गाने से एक समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं.

फिल्म पर प्रतिबंध की जिन लोगों ने मांग की है उनमें मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा और विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल शामिल हैं. मध्य प्रदेश उलेमा बोर्ड ने भी ‘‘इस्लाम को गलत तरीके से पेश करने’’ का आरोप लगाते हुए फिल्म पर प्रतिबंध की मांग की है. साल 2013 में आई ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के लोकप्रिय हुए गीत ‘‘लुंगी डांस’’ में खान के साथ काम कर चुके सिंह ने कहा कि कलाकार को पहले कहीं अधिक रचनात्मक स्वतंत्रता थी.

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पहले कहीं अधिक आजादी थी. लोग कम पढ़े-लिखे हो सकते हैं लेकिन कहीं अधिक संवेदनशील थे. वे समझदार थे और चीजों को मनोरंजन के रूप में लेते थे. वे किसी बात को दिल पे नहीं ले लेते थे.’’ 1992 की फिल्म ‘रोजा’ से संगीतकार ए आर रहमान के गीत ‘‘रुक्मिणी रुक्मिणी’’ का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि अगर यह गाना आज रिलीज हुआ होता तो भारी विवाद हो जाता.

‘पठान’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है और यशराज फिल्म ने इसका निर्माण किया है. जासूसी पर आधारित इस थ्रिलर फिल्म में जॉन अब्राहम ने भी अभिनय किया है. फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. सिंह का मानना है कि पहले लोगों को शायरी और कविता की अच्छी समझ थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu