पेरिस. फ्रांस की राजधानी पेरिस में शुक्रवार को कुर्दिश सांस्कृतिक केंद्र को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गोलाबारी में घायल हुए 69 वर्षीय संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है. गोलीबारी का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पेरिस के अभियोजन कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध की पहचान की पुष्टि की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल ‘टेन्थ एरोनडिसिमेंट’ को घेर लिया है. यह इलाका गारे डे ल इस्ट ट्रेन स्टेशन के निकट स्थित है, जहां अक्सर भीड़ रहती है. यहां कई दुकानें हैं. गोलीबारी ऐसे समय में हुई है जब पेरिस में क्रिसमस की तैयारियां की जा रही हैं.
पेरिस पुलिस विभाग ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के लिए कहा है जबकि आपातकालीन कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं. पेरिस के अभियोजक लौरे बेकुआउ ने कहा कि गोलीबारी में घायल हुए तीन लोगों की मौत हो गई. घायलों में से एक की हालत गंभीर है जबकि दो अन्य को कम गंभीर चोट आई हैं, और वे अस्पताल में भर्ती हैं.
‘टेन्थ एरोनडिसिमेंट’ की मेयर एलेक्जेंड्रा कोर्डेबार्ड के अनुसार गोलीबारी कुर्दिश सांस्कृतिक केंद्र और एक रेस्तरां एवं सैलून के निकट हुई है. कोर्डेबार्ड ने कहा कि हमलावर भी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभियोजन कार्यालय ने कहा कि चार घायलों में से दो की हालत गंभीर है. आतंकवाद-रोधी अभियोजकों से संपर्क किया गया है, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह एक आतंकवादी हमला था.