राहुल गांधी ‘भ्रम के शिकार’, वह चाहते हैं भारत, चीन के आगे नतमस्तक हो जाए : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Jan 2023 07:59 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चीन के साथ सीमा विवाद पर हाल में दिए गए एक बयान को लेकर आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि वह चाहते हैं कि भारत, चीन के आगे नतमस्तक हो जाए.
उन्होंने कहा कि ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान भ्रमण करते-करते राहुल गांधी खुद ही ‘‘भ्रम के शिकार’’ हो गए हैं.

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने गांधी पर 135 करोड़ भारतीयों का मनोबल गिराने के प्रयास का आरोप लगाया और कहा कि उनका बयान ना सिर्फ निंदनीय है बल्कि अक्षम्य भी है. ज्ञात हो कि राहुल गांधी ने पिछले दिनों अभिनेता एवं नेता कमल हासन के साथ एक संवाद के दौरान कहा था कि चीन भारत के साथ उसी सिद्धांत पर अमल कर रहा है, जो रूस ने यूक्रेन के साथ अपनाया है क्योंकि वह (चीन) भारत की सीमाओं को बदलने की धमकी दे रहा है.

उन्होंने दावा किया था कि भारत-चीन सीमा विवाद का ‘एक कमजोर अर्थव्यवस्था, बिना दृष्टिकोण वाले भ्रमित राष्ट्र तथा नफरत एवं गुस्से’ से सीधा संबंध है तथा चीनी सैनिक भारत की सीमा के अंदर बैठे हुए हैं. राहुल ने कहा था, ‘‘रूसियों ने यूक्रेन से कहा कि हम नहीं चाहते कि तुम पश्चिम के साथ मजबूत संबंध रखो. बुनियादी रूप से उन्होंने यूक्रेन से यह कहा था कि अगर तुम पश्चिम के साथ मजबूत रिश्ता रखोगे तो हम तुम्हारा भूगोल बदल देंगे.’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘यही सिद्धांत भारत को लेकर भी अपनाया जा सकता है. चीनी यही कह रहे हैं कि आप जो कर रहे हैं उसको लेकर सावधान रहिए, क्योंकि हम आपका भूगोल बदल देंगे, हम लद्दाख में घुस जाएंगे, हम अरुणाचल प्रदेश में घुस जाएंगे. मैं यह देख सकता हूं कि वे इस तरह के रवैये के लिए एक बुनियाद तैयार कर रहे हैं.’’ कांग्रेस नेता ने कमल हासन के साथ संवाद का एक वीडियो यूट्यूब पर साझा किया है.

राहुल गांधी के इन बयानों को ‘‘निंदनीय और अक्षम्य’’ करार देते हुए भाजपा प्रवक्ता त्रिवेदी ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने देश के सामने अपनी मंशा को साफ कर दिया है. उन्होंने कहा, ‘‘इससे साफ हो गया है कि कांग्रेस की मंशा क्या है. चीन के साथ विवाद पर भारत की सेना के लिए पीटने शब्द का उपयोग करने के बाद उन्होंने जो बयान दिया है कि उसका अर्थ यह है कि भारत को ठीक उसी प्रकार चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए जैसा उनकी सरकार के दौरान होता था.’’

त्रिवेदी ने कहा, ‘‘आपने (राहुल ने) साफ कर दिया कि जैसे कभी आपके जमाने में खानदानी रवायत के चलते हमने अपनी जमीन गंवाई थी… आप चाहते हैं कि चीन के सामने नतमस्तक हो जाए भारत.’’ भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष से सवाल किया कि भारत की सेना का मनोबल गिराने के बाद अब वह 135 करोड़ भारतीयों का मनोबल गिराने का प्रयास क्यों कर रहे हैं? उन्होंने पूछा, ‘‘या तो वह चीन से मिले चंदे के एहसान की वजह से ऐसा कर रहे हैं या चीनी कम्युनिस्ट पार्टी से हुए करार के प्यार की वजह से कर रहे हैं.’’ भाजपा नेता ने राहुल गांधी से कहा कि भारत घूमने से नहीं बल्कि भारत को अनुभव करने से, भारतीयता समझ में आती है.

उन्होंने कहा, ‘‘भारत को समझिए. भारतीयता को समझिए. यह प्राचीन राष्ट्र है. हम एकमात्र प्रागैतिहासिक और सनातन राष्ट्र हैं और आपको लगता है कि हम भ्रम में हैं. मुझे लगता है कि चार पीढ़ी के बाद से भारत की खोज ही चल रही है.’’ त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि  राहुल गांधी हिन्दू और हिन्दुत्व, अर्थ नीति और विदेश नीति पर भी भ्रमित रहते हैं. उन्होंने दावा किया कि ऐसा इसलिए है कि क्योंकि राहुल गांधी की आंखों में ‘‘मोदी विरोध का मोतियांिबद’’ है और इसके कारण वह सदैव ‘‘अनर्गल’’ बातें करते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu