दक्षिण कोरिया में अस्थाई आवासों में लगी भीषण आग, सैकड़ों लोग हुए विस्थापित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 Jan 2023 06:18 PM
ऑडियो सुनें

सियोल. दक्षिण कोरिया की राजधानी के पास शुक्रवार सुबह घनी आबादी वाले अस्थाई आवासों में भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम 60 मकान जलकर खाक हो गए. करीब 500 स्थानीय लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है. अधिकारियों ने बताया कि दमकलर्किमयों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सियोल के गुरयोंग गांव में लगी आग पर काबू पाया. अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.

सियोल में गंगनम जिले के दमकल विभाग के अधिकारी शिन योंग-हो ने बताया कि बचावकर्मी आग से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की तलाश कर रहे हैं. हालांकि, माना जा रहा है कि सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. आग सुबह करीब साढ़े छह बजे लगी थी. आग पर काबू पाने के लिए और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए 800 से अधिक दमकलर्किमयों, पुलिस अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को तैनात किया गया.

घटनास्थल की तस्वीरों में दमकलकर्मी घने धुएं से ढके गांव में आग की लपटों को बुझाने की कोशिश करते और हेलीकॉप्टर के जरिए ऊपर से पानी का छिड़काव करते दिख रहे हैं. शिन योंग-हो ने बताया कि ऐसा अनुमान है कि गांव में ‘प्लास्टिक शीट’ और लकड़ी (प्लाईवुड) से बने एक घर में आग लग गई थी, जो बाद में बाकी मकानों में फैल गई. उन्होंने बताया कि आग लगने की उचित वजह का पता लगाया जा रहा है. गंगनम जिला कार्यालय के अधिकारी किम अह-रेम ने बताया कि करीब 500 लोगों को नजदीक स्थित जिम और एक स्कूल में ठहराया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से अधिकतर के घर लौटने की उम्मीद है, लेकिन कम से कम 45 लोग जिनके घर पूरी तरह खाक हो गए या बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए वे अस्थायी रूप से एक होटल में रहेंगे. करीब 60 मकान आग की चपेट में आ गए. गांव के 66 वर्षीय निवासी किम सुंग-हान ने कहा, ‘‘चंद्र नव वर्ष (लूनर न्यू ईयर) की छुट्टियों पर ऐसा कैसे हो सकता है? ’’ वह देश की सबसे बड़ी वार्षिक छुट्टियों का उल्लेख कर रहे थे, जो सप्ताहांत से शुरू होकर मंगलवार तक जारी रहेगी.

किम ने कहा, ‘‘मुझे केवल इन कपड़ों में घर से भागना पड़ा, मैं कुछ साथ नहीं ला सका…मैं काम पर भी नहीं जा सकता जबकि यहां पहले ही गुजर बसर करना बेहद मुश्किल है.’’ गांव के सामुदायिक नेताओं में से एक ली वून-चेल ने कहा कि स्थानीय लोगों ने तुरंत ही आग लगने की सूचना दे दी थी. दमकलर्किमयों ने घर-घर जाकर लोगों की तलाश की और उन्हें निकालने में मदद की.

ली ने न्यूज चैनल ‘वाईटीएन’ से कहा, ‘‘यहां शॉर्ट र्सिकट की वजह से कई हादसे होते हैं.’’ दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल के प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति ने अधिकारियों से घटना से जानमाल के नुकसान को कम से कम करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा है. राष्ट्रपति योल दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठकों के लिए अभी स्विट्जरलैंड की यात्रा पर हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu