कैलिफोर्निया में गोलीबारी की दो घटनाओं में सात लोगों की मौत, संदिग्ध गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Jan 2023 06:32 PM
ऑडियो सुनें

हाफ मून बे. सैन फ्रांसिस्को के पास हाफ मून बे शहर में एक खेत में और एक ट्रक कंपनी में हुई गोलीबारी की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गयी. इस सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

‘सैन मैटियो काउंटी बोर्ड आॅफ सुपरवाइजर्स’ के अध्यक्ष डेव पाइन ने बताया कि सैन फ्रांसिस्को से करीब 48 किलोमीटर दूर हाफ मून बे शहर में एक खेत में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि ट्रक कंपनी में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की जान गयी.
पाइन ने बताया कि पुलिस ने गोलीबारी के संबंध में 67 वर्षीय चुनली झाओ को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि संदिग्ध इनमें से एक जगह काम करता था. उन्होंने संदिग्ध को ‘‘असंतुष्ट कर्मी’’ बताया.

कैप्टन इमॉन एलेन ने एक समाचार विज्ञप्ति में बताया कि सैन मैटियो काउंटी के शेरिफ कार्यालय को दोपहर ढाई बजे गोलीबारी की सूचना मिली तथा मौके पर चार लोग मृत मिले जिन्हें गोली लगी थी. उन्हें पहले घटनास्थल पर एक और व्यक्ति घायल अवस्था में मिला. इसके तुंरत बाद अधिकारियों को करीब आठ किलोमीटर दूर दूसरे स्थान पर तीन और लोग मृत मिले. एलेन ने बताया कि पहली सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद शेरिफ अधिकारी को संदिग्ध झाओ हाफ मून बे में अपनी कार में मिला. उसे हिरासत में ले लिया गया और उसकी कार से एक हथियार बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि झाओ ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया.

शेरिफ कार्यालय ने दोनों घटनास्थल के बीच संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. गोलीबारी के कारण का अभी पता नहीं चला है.
गोलीबारी की ये घटनाएं ऐसे वक्त में हुई है जब दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार देर रात एक बॉलरूम डांस हॉल में गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गयी थी. कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने ट्वीट किया ‘‘मैं सामूहिक गोलीबारी के पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात कर रहा था तभी मुझे अलग ले जाकर गोलीबारी की एक अन्य घटना की सूचना दी गयी. इस बार हाफ मून बे. त्रासदी पर त्रासदी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu