शेफाली, श्वेता और पार्श्वी ICC की अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Jan 2023 08:37 PM
ऑडियो सुनें

दुबई. भारत की अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम की तीन सदस्यों कप्तान शेफाली वर्मा, उनकी सलामी जोड़ी श्वेता सहरावत और प्रतिभावान लेग स्पिनर पार्श्वी चोपड़ा को सोमवार को आईसीसी ने टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल किया. शेफाली की अगुआई में भारतीय महिला टीम ने रविवार को फाइनल में इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर पहला अंडर-19 टी20 विश्व कप जीता जो महिला क्रिकेट में भारत का पहला विश्व खिताब है.

शेफाली ने पारी का आगाज करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के अलावा एक कप्तान के रूप में अपनी रणनीतिक सामझदारी का भी नजारा पेश किया. उन्होंने यूएई के खिलाफ 12 चौके और चार छक्कों से 34 गेंद में 78 रन की तूफानी पारी खेली. वह टूर्नामेंट में 172 रन के साथ तीसरी सबसे सफल बल्लेबाज रहीं.

कप्तान ने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाते हुए सात मैच में चार विकेट चटकाए और इस दौरान सिर्फ 5.04 की इकोनॉमी रेट से रन दिए.
दूसरी सलामी बल्लेबाज श्वेता हालांकि अपनी सीनियर साथी शेफाली और रिचा घोष पर भारी पड़ी और टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर रहीं. उन्होंने 139.43 के स्ट्राइक रेट और 99 के औसत से रन बनाए. पार्श्वी ने भारत के पहले तीन मैच में सिर्फ दो विकेट चटकाए लेकिन अंतिम चरण में शानदार गेंदबाजी की और छह मैच में 11 विकेट के साथ टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज रहीं.

इस लेग स्पिनर ने टीम के अंतिम सुपर सिक्स मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ पांच रन देकर चार विकेट चटकाए. उन्होंने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 रन देकर तीन और फिर फाइनल में 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए. टीम की अगुआई इंग्लैंड की ग्रेस स्क्रिवन्स को सौंपी गई है जबकि टीम की उनकी दो और साथी हना बेकर और एली एंडरसन को इस टीम में जगह मिली है. न्यूजीलैंड की जॉर्जिया प्लिमर, श्रीलंका की देवमी विहागा, बांग्लादेश की शोर्ना अख्तर, दक्षिण अफ्रीका की कराबो मेसो, आॅस्ट्रेलिया की मेगी क्लार्क और पाकिस्तान की अनोशा नासिर भी टीम का हिस्सा हैं.

अंडर-19 टीम की जीत से विश्व कप का खिताब जीतने की अतिरिक्त प्रेरणा मिलेगी: हरमनप्रीत

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका में अंडर-19 टीम की सफलता से उनकी टीम को अतिरिक्त प्रेरणा मिलेगी जो 10 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में उनकी टीम के काम आयेगा. भारत की सीनियर महिला टीम अब तब आईसीसी के वैश्विक खिताब को जीतने में नाकाम रही है. महिला अंडर-19 टीम ने पहली बार खेले गये टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को शिकस्त दी.

हरमनप्रीत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के कॉलम में लिखा, ‘‘हमारे पास सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ शेफाली वर्मा और ऋचा घोष जैसी युवा प्रतिभा हैं, जो अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम की जीत से तरोताजा हैं. इस टीम में अब उनके पास शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने का पर्याप्त अनुभव है.’’ कप्तान ने कहा, ‘‘ हमारी बल्लेबाजी में गहराई और गेंदबाजी में विविधता है. तेज गेंदबाजी में रेणुका ंिसह के आने से पैनापन आया है और कुछ ऐसा है जिसकी शीर्ष टीमों को जरूरत होती है.’’ भारतीय टीम विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका में त्रिकोणीय श्रृंखला में खेल रही है.

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘ मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि दक्षिण अफ्रीका में खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट (विश्व कप) बहुत प्रतिस्पर्धी होगा. आॅस्ट्रेलिया की टीम जीत की प्रबल दावेदार होगी लेकिन दूसरी अन्य टीमें भी उससे ज्यादा पीछे नहीं है. इसमें हमें कुछ करीबी और कुछ शानदार मैच देखने को मिलेंगे. भारतीय टीम अपनी घरेलू सरजमीं पर दिसंबर में आॅस्ट्रेलिया से पांच मैचों की श्रृंखला को 1-4 से हार गयी थी.

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हम श्रृंखला 1-4 से हार गये थे लेकिन इस श्रृंखला के दौरान माहौल काफी रोमांचक था. हजारों की संख्या में दर्शक मुंबई के स्टेडियम में आये थे.’’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘ यह अब अपने अनुभव के इस्तेमाल और ध्यान बनाये रखने के बारे में है. हमें अपनी क्षमता पर भरोसा है और हम समझते हैं कि विश्व की शीर्ष टीमों को हराने वाली भारतीय टीम के रूप में याद किए जाने के लिए हमें अपने स्तर को और ऊपर करना होगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu