इंडोनेशिया में 5.1 तीव्रता का भूकंप, चार लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Feb 2023 07:11 PM
ऑडियो सुनें

जकार्ता. इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत पापुआ में बृहस्पतिवार को आए 5.1 तीव्रता के भूकंप में चार लोगों की मौत हो गई. वे एक तैरते रेस्तरां पर थे जो समुद्र में गिर गया और वे उससे बाहर नहीं निकल सके. अमेरिकी भूभर्गीय सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 5.1 थी जो पापुआ के उत्तरी तट के पास जयापुरा के आवासीय इलाके में आया. उसके मुताबिक, इसका केंद्र 22 किलोमीटर की गहराई में था. इस तरह के भूकंप पृथ्वी की सतह पर अक्सर अधिक नुकसान पहुंचाते हैं.

पापुआ की राजधानी जयापुरा की निवासी टी आसीह ने कहा, ‘‘ लोग दहशत में आ गए थे. मैं कार में थी और मुझे महसूस हुआ कि कार के पहिये उठ गए हैं.’’ अधिकारियों ने बताया कि भूकंप की वजह से तैरता रेस्तरां समुद्र में गिर गया जिस वजह से उसपर मौजूद चार लोगों की मौत हो गई.

राष्ट्रीय आपदा शमन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने पत्रकार वार्ता में कहा, ‘‘ चारों शव निकाल लिए गए हैं. पीड़ित कैफे के मलबे में फंस गए थे और उनपर छत गिर पड़ी थी.’’ गोताखोर रेस्तरां के आसपास के हिस्से की तलाशी लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं वहां और कोई तो नहीं था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu