इमरान खान का दावा, टीटीपी मेरी हत्या की योजना बना रहा, प्रतिबंधित संगठन ने इसे किया खारिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Feb 2023 08:56 PM
ऑडियो सुनें

पेशावर. प्रतिबंधित संगठन पाकिस्तानी तालिबान ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के इस दावे को खारिज किया है कि संगठन के दक्षिण वजीरिस्तान प्रांत के सदस्य उनकी हत्या की योजना बना रहे हैं. तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) (पाकिस्तानी तालिबान) ने इसपर जोर दिया है कि उसकी लड़ाई पाकिस्तान के सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के खिलाफ है और वह किसी राजनेता के खिलाफ नहीं है.

टीटीपी ने बुधवार को एक बयान जारी करके कहा, ‘‘हमें सूचना मिली है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख ने पार्टी के प्रांतीय प्रवक्ताओं के साथ एक बैठक में दावा किया है कि टीटीपी उनकी हत्या की योजना बना रही है और इसे अंजाम देने की जिम्मेदारी दक्षिण वजीरिस्तान के लोगों को दी गई है.’’

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रवक्ताओं के साथ बैठक में 70 वर्षीय खान ने कहा कि उन्हें हटाने (हत्या करने) की साजिश की जा रही है और दक्षिण वजीरिस्तान के दो लोगों को उनकी हत्या का जिम्मा सौंपा गया है. दक्षिण वजीरिस्तान कबालाई जिले को टीटीपी का गढ़ माना जाता है और संगठन ने खान के दावे को खारिज करने के लिए बयान जारी किया है. गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में मध्यावधि चुनाव की घोषणा के लिए दबाव बनाने के लक्ष्य से निकाली जा रही यात्रा के दौरान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ प्रमुख खान पर गोलीबारी की गई थी, उन्हें पैर में गोली भी लगी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu