मेघालय और नगालैंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा: मोदी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 16 Feb 2023 11:46 AM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने बृहस्पतिवार को मेघालय और नगालैंड के विकास के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को मेघालय और मंगलवार को नगालैंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया था। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भाजपा मेघालय का सर्वांगीण विकास करेगी और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने वाले शासन पर ध्यान केंद्रित करेगी। हमारे घोषणापत्र में राज्य के लिए हमारी योजना के बारे में विस्तार से बताया गया है।’’

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी नगालैंड के विकास पथ में और अधिक गति लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसका दृष्टिकोण पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट में परिलक्षित होता है।’’ मेघालय में भाजपा पहली बार सभी 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण और राज्य कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का वादा किया है।

भाजपा ने मेघालय में सत्ता में आने पर कैंटीन के माध्यम से पांच रुपये का भोजन, लड़कियों को स्रातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा, महिला कॉलेज टॉपरों के लिए मुफ्त स्कूटर, एक लड़की के जन्म पर 50,000 रुपये का सरकारी बॉन्ड और एक महिला पुलिस बटालियन का भी वादा किया है।

नगालैंड में पार्टी ने राज्य के पूर्वी हिस्से के लिए विशेष पैकेज और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक बोर्ड की स्थापना का वादा किया है। भाजपा और उसकी सहयोगी एनडीपीपी 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने 20 और एनडीटीवी ने 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। दोनों राज्यों में 27 फरवरी को मतदान होगा जबकि मतगणना दो मार्च को होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav