उस्मान ख्वाजा का अर्धशतक, पर अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर भेजा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 17 Feb 2023 01:06 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने नाबाद अर्धशतक जमाया लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने दो विकेट लेकर भारत को आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शुक्रवार को यहां लंच से पहले वापसी दिलाई। आॅस्ट्रेलिया ने लंच के समय तीन विकेट पर 94 रन बनाए थे। उस समय ख्वाजा 50 और ट्रेविस हेड एक रन पर खेल रहे थे।

अश्विन ने लंच से ठीक पहले मार्नस लाबुशेन (18) और स्टीव स्मिथ (शून्य) को पवेलियन भेजा। इससे पहले मोहम्मद शमी ने सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (15) को आउट किया। अश्विन ने अब तक 29 रन देकर दो जबकि शमी ने 31 रन देकर एक विकेट लिया है।
आॅस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिन्स ने लगातार दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ख्वाजा और वॉर्नर ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।

ख्वाजा अधिक विश्वास के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे और उनका फुटवर्क भी अच्छा था लेकिन वॉर्नर को संघर्ष करना पड़ा। मोहम्मद सिराज ने अपने पहले स्पैल में उन्हें काफी परेशान किया। उनकी गेंद वॉर्नर की कोहनी और हेलमेट पर भी लगी। सिराज ने एक तरह से मंच तैयार कर दिया था और ऐसे में रोहित शर्मा ने दूसरे छोर से फिर से गेंद शमी को सौंप दी। शमी ने इसके बाद जल्द ही भारत को पहली सफलता दिला दी। उनकी कोण लेती गेंद वॉर्नर के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर कोना भरत के दस्तानों में समा गई।

ख्वाजा ने हालांकि अश्विन और रंिवद्र जडेजा का डटकर सामना किया। अश्विन ने हालांकि लाबुशेन को पगबाधा आउट करके भारत को दूसरी सफलता दिलाई। तब निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) का फैसला भारत के पक्ष में गया था। इसके एक गेंद बाद स्मिथ भी पवेलियन लौट गए लेकिन इसका पूरा श्रेय विकेटकीपर भरत को जाता है जिन्होंने बहुत ही अच्छे तरीके से कैच लिया जो काफी नीचे था।
भारत नागपुर में पहला टेस्ट पारी और 132 रन से जीत कर चार मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav