महिला टी20 विश्व कप: दक्षिण अफ्रीका को हरा कर ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Feb 2023 02:53 PM
ऑडियो सुनें

गक्बेरहा. तहलिया मैकग्रा की 57 रन की शानदार पारी के दम पर गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप एक के मैच में शनिवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया. मैकग्रा ने 33 गेंद की आक्रामक पारी में 10 चौके जड़े जिससे ऑस्ट्रेलिया ने जीत के लिए मिली 125 रन के लक्ष्य को 21 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया की टूर्नामेंट में यह लगातार चौथी जीत है.

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 124 रन बनाये. टीम के लिए तेजमिन ब्रिट्स ने सबसे ज्यादा 45 रन का योगदान दिया. कप्तान सुने लुस ने 20 जबकि सलामी बल्लेबाज लॉरा वुलफार्ट ने 19 रन बनाये. ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वेयरहम ने दो तो वहीं मेगन शूट, डार्सी ब्राउन, एलिस पेरी, ऐश्लीघ गार्डनर ने एक-एक विकेट चटकाये.

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 40 रन तक तीन विकेट गंवा कर मुश्किल में थी लेकिन इसके बाद मैकग्रा और गार्डनर ने चौथे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया. गार्डनर 29 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद रही.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu